July 30, 2026 |

BREAKING NEWS

ब्रेकिंगमध्यप्रदेश

जबलपुर क्रूज हादसा: मृतकों की संख्या 9 पहुंची, CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन—कई कर्मचारियों पर गिरी गाज

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

Jabalpur Cruise Tragedy: जबलपुर | मध्य प्रदेश के जबलपुर में क्रूज हादसे में मरने वालों की संख्या 9 पहुंच गई है। अब राज्य के सीएम मोहन यादव ने जबलपुर के बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे को लेकर लापरवाही के मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, क्रूज पायलट महेश पटेल, क्रूज हेल्पर छोटेलाल गोंड एवं टिकट काउंटर प्रभारी बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। इसके साथ ही होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को निलंबित किया गया है। वहीं, रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय में अटैच किया गया है।

CM ने दी कार्रवाई की जानकारी
सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा- “जबलपुर में बरगी जलाशय में हुए दुखद क्रूज हादसे में लापरवाही के मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की गई है। क्रूज पायलट महेश पटेल, क्रूज हेल्पर छोटेलाल गोंड एवं टिकट काउंटर प्रभारी (FOA) बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त की गई हैं। होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को कार्य में लापरवाही बरतने के कारण निलंबित किया गया है, जबकि रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय अटैच कर विभागीय जांच संस्थित की गई है। दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए शासन हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।”

उच्च स्तरीय जांच समिति गठित
जबलपुर क्रूज हादसे को लेकर सीएम मोहन यादव ने ट्वीट में कहा- “जबलपुर में बरगी जलाशय में हुई दुर्घटना की जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की गई है। जांच में जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा, सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्रूज संचालन से जुड़ी एसओपी तैयार की जाएगी। पास ही में जल जीवन मिशन का कार्य चल रहा था, जिससे तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू हो पाया। राहत और बचाव कार्य में जुटे सभी लोगों और सहयोग देने वालों को प्रोत्साहन स्वरूप 51-51 हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। बचाव दल के सभी बहादुरों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करेंगे। NDRF, SDERF और सेना के गोताखोरों ने कई अनमोल जिंदगियां बचाई हैं।”

पीड़ित परिवारों से मिले CM मोहन
इससे पहले सीएम मोहन यादव ने शुक्रवार को जबलपुर पहुंचकर हादसे से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने लिखा- “आज जबलपुर में बरगी में हुए दुखद हादसे में प्रभावित परिवारों से मिला। इस घटना में परिजनों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उसकी भरपाई संभव नहीं है। उनके इस असहनीय दुःख में राज्य सरकार साथ खड़ी है। शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। कठिन समय में पीड़ित परिवार स्वयं को अकेला न समझें। इस हादसे में 28 लोगों को बचाया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी खत्म नहीं हुआ है। जो लापता हैं, उनकी तलाश की जा रही है।”

आपको बता दें कि गुरुवार को मध्य प्रदेश के जबलपुर में स्थित बरगी डैम में यात्रियों से भरा एक क्रूज पलट गया था। ये हादसा तेज हवा के कारण हुआ था। इस हादसे में मरने वालों की संख्या 9 तक पहुंच चुकी है। जानकारी दी गई है कि 28 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। हालांकि, कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close