मध्य प्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव का ऐलान, 17 अगस्त को होगा मतदान; 18 से मतगणना
जिला अधिवक्ता संघ चुनाव के बाद अब मध्य प्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सत्र 2026-28 के चुनाव का भी कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है।

जबलपुर: जिला अधिवक्ता संघ चुनाव के बाद अब मध्य प्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सत्र 2026-28 के चुनाव का भी कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। आधिकारिक चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 17 अगस्त 2026 को मतदान होगा, जबकि 18 अगस्त से मतगणना शुरू की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया को लेकर हाईकोर्ट बार में तैयारियां तेज हो गई हैं।
31 जुलाई से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
मुख्य चुनाव अधिकारी अधिवक्ता संजय सेठ ने बताया कि चुनाव की पूरी प्रक्रिया मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के सिल्वर जुबली हॉल में संपन्न होगी। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 31 जुलाई और 1 अगस्त को नामांकन पत्रों का वितरण किया जाएगा। उम्मीदवार 3 और 4 अगस्त को नामांकन दाखिल कर सकेंगे, जबकि 5 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 6 अगस्त को नाम वापस लेने की अंतिम तिथि होगी और उसी दिन अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी।
17 अगस्त को मतदान, 18 से मतगणना
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए 17 अगस्त को सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके अगले दिन 18 अगस्त से मतगणना शुरू होगी। मतगणना पूरी होने के बाद नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की जाएगी।
चार वरिष्ठ अधिवक्ता बनाए गए पर्यवेक्षक
चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए चार वरिष्ठ अधिवक्ताओं को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। इनमें मनीष दत्त, जेड.एम. शाह, जे.पी. अग्रवाल और अमृत कौर रूपराह शामिल हैं।
10 चुनाव अधिकारियों की टीम करेगी जिम्मेदारी
चुनाव संचालन के लिए 10 चुनाव अधिकारियों की टीम भी गठित की गई है। इसमें हिमांशु तिवारी, आशीष श्रीवास्तव, सुधाकर मणि पटेल, राजकमल चतुर्वेदी, वंदना श्रोति, राकेश तिवारी, सुशील अग्रवाल, ए.टी. फरीदी, मनीष जैन और नितिन गुप्ता को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
चुनावी सरगर्मियां हुईं तेज
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही मध्य प्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन में सत्र 2026-28 की नई कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। अब अधिवक्ताओं की नजरें नामांकन प्रक्रिया और 6 अगस्त को जारी होने वाली अंतिम उम्मीदवारों की सूची पर टिकी हैं।



