July 29, 2026 |

BREAKING NEWS

छत्तीसगढ़देशब्रेकिंग

रायपुर में बढ़ीं झपटमारी की घटनाएं, चार महीनों में 24 मामले दर्ज, धरमलाल कौशिक मोबाइल लूट कांड से मचा हड़कंप

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

Mobile Robbery Incident: रायपुर। राजधानी रायपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और विधायक धरमलाल कौशिक से हुई मोबाइल लूट की घटना ने शहर की कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई इस वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वहीं रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के आंकड़े भी राजधानी में बढ़ती झपटमारी और लूट की घटनाओं की ओर इशारा कर रहे हैं।

चार महीनों में झपटमारी के 24 मामले दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वर्ष 2026 के पिछले चार महीनों में रायपुर शहर में झपटमारी के 24 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें मोबाइल, सोने की चेन, नकदी और पर्स लूटने की घटनाएं शामिल हैं। पुलिस ने दावा किया है कि 20 मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर छीना गया सामान बरामद कर लिया गया है।

23 जनवरी 2026 से रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद उम्मीद जताई जा रही थी कि अपराधों पर तेजी से नियंत्रण होगा और आम लोगों को ज्यादा सुरक्षित माहौल मिलेगा। लेकिन हाल के आंकड़े और लगातार सामने आ रही घटनाएं इन दावों पर सवाल खड़े कर रही हैं।

इन इलाकों में सबसे ज्यादा वारदात

शहर के पुरानी बस्ती, डीडी नगर, टिकरापारा, गंज, तेलीबांधा, सिविल लाइन, सरस्वती नगर, खम्हारडीह और देवेंद्र नगर थाना क्षेत्रों में झपटमारी की घटनाएं सबसे ज्यादा सामने आई हैं।

अधिकांश मामलों में आरोपी बाइक पर सवार होकर राह चलते लोगों को निशाना बनाते रहे। कई घटनाओं में महिलाओं से सोने की चेन और मंगलसूत्र छीने गए।

महिलाओं को बनाया गया निशाना

पुरानी बस्ती क्षेत्र में एक महिला के गले से करीब 1.50 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन लूट ली गई। वहीं टिकरापारा इलाके में महिलाओं से 80 हजार से लेकर 1.20 लाख रुपये तक कीमत के जेवर झपटने की घटनाएं दर्ज हुईं।

डीडी नगर क्षेत्र में भी महिला से करीब 1.25 लाख रुपये कीमत का मंगलसूत्र लूटने का मामला सामने आया। इसके अलावा कई लोगों से मोबाइल और नकदी छीने जाने की शिकायतें दर्ज हुई हैं।

तकनीकी जांच से पुलिस को मिली सफलता

पुलिस के अनुसार, ज्यादातर मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, सोने की चेन, नगदी, बाइक और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

इन मामलों को सुलझाने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद ली।

धरमलाल कौशिक मोबाइल लूट कांड का आरोपी गिरफ्तार

गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और विधायक धरमलाल कौशिक का मोबाइल फोन लूटने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। यह घटना मॉर्निंग वॉक के दौरान पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे हुई थी।

पुलिस ने आरोपी मणिकांत ध्रुव को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटा गया मोबाइल और घटना में इस्तेमाल बाइक जब्त कर ली है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस की तत्परता चर्चा में बनी हुई है।

कानून व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

लगातार सामने आ रही झपटमारी की घटनाओं ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि रायपुर पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

इसके बावजूद लगातार हो रही वारदातें यह संकेत दे रही हैं कि राजधानी में अपराध नियंत्रण को लेकर अभी भी कई चुनौतियां बनी हुई हैं।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close