Asia Cup 2024 IND Vs PAK Match : भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच का फैंस को बेसब्री से इंतजार रहता है। पिछले कुछ सालों में दोनों टीमों के बीच कई बड़े मौकों पर मुकाबले खेले गए हैं। जहां भारतीय टीम का दबदबा नजर आया है। इसी बीच एक बार फिर से जुलाई के महीने में दोनों टीमें आपस में भिड़ने को तैयार नजर आ रही हैं। यह मैच महिलाओं के एशिया कप में खेला जाएगा। भारत इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है, जिसने वनडे और टी-20 दोनों फॉर्मेट को मिलाकर सात बार यह खिताब जीता है। टीम इंडिया इस वक्त एशिया कप की चैंपियन टीम है। उन्होंने साल 2022 में टूर्नामेंट जीता था। टीम इंडिया टी20 फॉर्मेट में एशिया कप को साल 2012, 2016 और 2022 में जीत चुकी है। इस बार भी यह टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में ही खेला जाएगा।




