एमपी में प्री-मानसून का कहर: 52 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
MP Weather News: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मध्य प्रदेश के सभी 52 जिलों में तेज हवाओं और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।

MP Weather News: भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की आधिकारिक एंट्री से पहले ही प्री-मानसून गतिविधियां जोर पकड़ चुकी हैं। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने शनिवार को भी प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला रहने की संभावना जताई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मध्य प्रदेश के सभी 52 जिलों में तेज हवाओं और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। वहीं गुना, अशोकनगर, विदिशा, सीहोर, देवास, हरदा और बैतूल जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन से बदला मौसम
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार वर्तमान में मध्य प्रदेश के ऊपर तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हैं। यही वजह है कि प्रदेश में लगातार आंधी, गरज-चमक और बारिश का दौर बना हुआ है। अगले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने के संकेत हैं।
इन जिलों में बारिश और आंधी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भोपाल, रायसेन, राजगढ़, इंदौर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, नर्मदापुरम, ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी सहित कई जिलों में तेज आंधी और बारिश के आसार हैं।
हालांकि आलीराजपुर, झाबुआ और रतलाम जिलों में मौसम का प्रभाव अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना जताई गई है।
श्योपुर रहा सबसे ठंडा, तापमान में आई गिरावट
आंधी और बारिश के असर से प्रदेश के अधिकांश शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। शुक्रवार को श्योपुर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिलचस्प बात यह रही कि प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी का तापमान भी श्योपुर से अधिक 34.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इसके अलावा गुना में 35.4 डिग्री, सिवनी में 36 डिग्री, रतलाम में 36.2 डिग्री, राजगढ़ में 36.4 डिग्री, बैतूल में 36.5 डिग्री और सतना में 36.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं खरगोन, नरसिंहपुर, खजुराहो, खंडवा और छिंदवाड़ा में तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना रहा।
प्रदेश के प्रमुख शहरों में इंदौर का तापमान 35.1 डिग्री, उज्जैन का 35 डिग्री, भोपाल का 35.5 डिग्री, ग्वालियर का 37.9 डिग्री और जबलपुर का 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
20 से 22 जून के बीच आ सकता है मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक इस वर्ष मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री सामान्य तिथि से 5 से 7 दिन देरी से हो सकती है। आमतौर पर प्रदेश में मानसून 15 जून के आसपास प्रवेश करता है, लेकिन इस बार इसके 20 से 22 जून के बीच पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि केरल में मानसून 4 जून को पहुंच चुका है और सामान्यतः वहां पहुंचने के लगभग 15 दिन बाद मध्य प्रदेश में भी मानसून दस्तक देता है। ऐसे में आगामी दो सप्ताह तक प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
किसानों और आमजन को राहत
लगातार बढ़ती गर्मी के बीच आंधी और बारिश का यह दौर किसानों और आम लोगों के लिए राहत लेकर आया है। हालांकि मौसम विभाग ने तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।



