MP News: पन्ना में कुएं की खुदाई के दौरान बड़ा हादसा, मिट्टी धंसने से 5 मजदूर दबे, एक की मौत

MP Panna News: पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में कुएं की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से 5 मजदूर मलबे में दब गए। हादसा अजयगढ़ जनपद के ग्राम बीहरपुरवा में दोपहर करीब 12 बजे हुआ। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
पानी पीने बाहर आए थे दो मजदूर, तभी धंस गई मिट्टी
जानकारी के मुताबिक, ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा निवासी बिन्नू अहिरवार के खेत में पिछले 10 दिनों से कुएं की खुदाई का काम चल रहा था। इस काम में कुल 7 मजदूर लगे हुए थे।
मंगलवार दोपहर खुदाई के दौरान दो मजदूर पानी पीने के लिए कुएं से बाहर निकले थे। इसी दौरान अचानक कुएं की मिट्टी भरभराकर धंस गई। अंदर काम कर रहे 5 मजदूर संभल नहीं सके और देखते ही देखते मलबे के नीचे दब गए। घटना के बाद बाहर मौजूद मजदूरों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया।
एक मजदूर का शव बरामद, 4 की तलाश जारी
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल और राहत दल मौके पर पहुंचे। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम लगातार जारी है।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मलबे से मजदूर राजकुमार यादव का शव बरामद किया गया है। वहीं अन्य दबे मजदूरों की पहचान चुन्नू यादव, आशीष यादव और चुनवाद पाल के रूप में हुई है। बाकी मजदूरों की तलाश जारी है।
गांव में पसरा मातम, मौके पर जुटी भीड़
हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा है। प्रशासन ने कहा है कि मलबे में दबे मजदूरों को जल्द बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।




