Haryana Assembly Elections 2024 : हरियाणा विधानसभा चुनाव का बिगुल बज गया है। प्रदेश में मतदान और परिणाम की तारीखों का एलान हो गया है। प्रदेेश की 90 विधानसभा सीटों के लिए एक अक्तूबर को मतदान होगा। चार अक्तूबर को रिजल्ट आएगा। वोटर सूची 27 अगस्त को जारी होगी। इस बार हरियाणा में स्लम और मल्टी स्टोरी बिल्डिंग में अलग से पोलिंग बूथ लगाए जाएंगे। गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत में सोसाइटी में पोलिंग स्टेशन बनेंगे। हरियाणा में 20,629 पोलिंग स्टेशन होंगे। सभी पोलिंग स्टेशन सीसीटीवी की निगरानी में रहेंगे और वोटर हेल्पलाइन की वेबसाइट जारी रहेगी।
ये है सीटों का समीकरण
हरियाणा विधानसभा में 90 सीटें हैं। बहुमत के लिए 46 का आंकड़ा चाहिए। पिछली बार भाजपा 40 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। इसके बाद भाजपा ने दस सीटें जीतने वाली जजपा के साथ मिलकर सरकार का गठन किया था। कांग्रेस को 31 सीटें मिली थीं। एक-एक सीट इनेलो और हलोपा के खाते में आई थी। सात सीटें निर्दलीयों ने जीती थी।
बसपा के साथ लड़ेगी इनेलो
इनेलो इस बार बसपा के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। वहीं लोकसभा चुनाव में एक साथ मैदान में उतरी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी अलग-अलग ही चुनाव लड़ेंगी।




