June 15, 2026 |

BREAKING NEWS

देशप्रदेशब्रेकिंग

CG News: इंस्टाग्राम पर लड़की बनकर युवकों को फंसाता था साइबर ठग, पुलिस ने दबोचा

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

CG News: राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ की राजनांदगांव पुलिस ने एक ऐसे शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है, जो सोशल मीडिया पर महिलाओं के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवकों को अपने जाल में फंसाता था। आरोपी पहले दोस्ती और प्रेम संबंध का झांसा देता, फिर लड़की की आवाज में बात कर भरोसा जीतता और बाद में पैसों की मांग कर ब्लैकमेलिंग शुरू कर देता था।

झूठी दुर्घटना की सूचना देकर किया परेशान

मामले का खुलासा तब हुआ जब थाना लालबाग क्षेत्र की एक युवती को फोन कर उसके पिता के सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने की झूठी जानकारी दी गई। युवती ने जब सूचना को गलत बताया तो कॉल करने वाले ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। बाद में युवती के पिता से भी आरोपी ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

डिजिटल ट्रैकिंग से आरोपी तक पहुंची पुलिस

शिकायत मिलने के बाद लालबाग पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल ट्रैकिंग की मदद से जांच शुरू की। जांच में आरोपी की लोकेशन खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ठेलकाडीह थाना क्षेत्र के ग्राम विष्णुपुर में मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर 22 वर्षीय दीपक कुमार बघेल को गिरफ्तार कर लिया।

प्रेमजाल में फंसाकर करता था वसूली

पूछताछ और तकनीकी जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से सोशल मीडिया पर फर्जी महिला प्रोफाइल चला रहा था। वह युवकों को दोस्ती और प्रेम संबंध का झांसा देकर उनसे पैसे मांगता था। पैसे नहीं देने पर अश्लील संदेश भेजकर, धमकाकर और ब्लैकमेल कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।

जेल भेजा गया आरोपी

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।

ऑनलाइन दोस्ती में बरतें सावधानी

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अज्ञात व्यक्ति पर आसानी से भरोसा न करें। ऑनलाइन पहचान हमेशा वास्तविक नहीं होती। किसी भी अनजान व्यक्ति से निजी जानकारी साझा करने या आर्थिक लेनदेन करने से पहले पूरी तरह सत्यापन करना जरूरी है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close