July 29, 2026 |

BREAKING NEWS

अंचलब्रेकिंगमध्यप्रदेश

Datia By-Election: दतिया में BJP के प्रचार वाहन पर हमला, पोस्टर फाड़ने का आरोप; आजाद समाज पार्टी के अज्ञात कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रचार वाहन पर कथित हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ अज्ञात लोगों ने प्रचार वाहन पर लगे बैनर और पोस्टर फाड़ दिए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना जिगना थाना क्षेत्र के उदगवां गांव की है। भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया है कि चंद्रशेखर आजाद की सभा से लौट रहे आजाद समाज पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं ने प्रचार वाहन को निशाना बनाया और उस पर लगे पोस्टर फाड़ दिए। हालांकि, इस मामले में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने आजाद समाज पार्टी के अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के चलते इन दिनों चुनाव प्रचार अपने चरम पर है। कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने और एक आपराधिक मामले में सजा के बाद यह सीट रिक्त हुई थी। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 30 जुलाई 2026 को मतदान और 3 अगस्त 2026 को मतगणना होगी।

उपचुनाव में भाजपा ने आशुतोष तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया है। पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बावजूद वे पार्टी के पक्ष में लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। भाजपा के समर्थन में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्री मोहन यादव भी प्रचार अभियान में जुटे हुए हैं।

वहीं कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को मैदान में उतारा है और घर-घर संपर्क अभियान, मोहल्ला बैठकों तथा संगठन को मजबूत करने पर जोर दे रही है। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर नरोत्तम मिश्रा को हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में यह उपचुनाव भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है। अब सभी की नजरें 30 जुलाई को होने वाले मतदान और 3 अगस्त को आने वाले चुनाव परिणाम पर टिकी हैं।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close