Jharkhand Assembly Election 2024 : आज रांची पहुंचेंगे कांग्रेस नेता राहुल गांधी, हेमंत सोरेन से सीट शेयरिंग पर होगी चर्चा
Jharkhand Assembly Election 2024 : आज लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी झारखंड दौरे पर जाने वाले हैं। जहां वे रांची के शौर्य सभागार में संविधान सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
Jharkhand Assembly Election 2024: रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के बाद प्रचार प्रसार तेजी से होने लगा है। एनडीए और इंंडिया गठबंधन के नेता जनता को साधने का पूरा प्रयास कर रहे हैं। इस बीच, आज लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी झारखंड दौरे पर जाने वाले हैं। जहां वे रांची के शौर्य सभागार में संविधान सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रम दोपहर 1:00 बजे शुरू होगा। संविधान सम्मेलन में सिविल सोसाइटी और विभिन्न संगठनों के लोग हिस्सा लेंगे। वह 500 से ज्यादा प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे। वहीं राहुल गांधी झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए सीट शेयरिंग पर भी चर्चा करेंगे। हेमंत सोरेन से सीट शेयरिंग पर फाइनल चर्चा होगी।
झारखंड कांग्रेस उम्मीदवारों की लिस्ट पर अपडेट
सूचना के मुताबिक राहुल गांधी के दिल्ली लौटने के बाद 20 अक्टूबर को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी। बैठक में प्रत्याशियों के नाम की मुहर लगेगी। इसी दिन कांग्रेस महाराष्ट्र में भी अपने प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। इधर, शुक्रवार को कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश चुनाव समिति की बैठक हुई। बैठक में संभावित प्रत्याशियों के नाम की चर्चा की गयी।
चुनाव समिति के सदस्यों से सादे कागज में सभी विधानसभा के लिए प्रत्याशियों के नाम मांगे गये। बैठक के नाम पर खानापूर्ति हुई। बैठक की औपचारिकता पूरी करते हुए सर्वसम्मति से केंद्रीय नेतृत्व को अधिकृत किया। बैठक में प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर भी शामिल हुए। इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे के बाद कांग्रेस अपने कोटे के प्रत्याशियों की सूची तैयार करेगी।




