July 29, 2026 |

BREAKING NEWS

देशप्रदेशब्रेकिंग

पेंड्रा में युवक की संदिग्ध मौत पर बवाल: शव रखकर चक्काजाम, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

CG News: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पेंड्रा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद रविवार को जमकर हंगामा देखने को मिला। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मृतक का शव दुर्गा चौक पर रखकर चक्काजाम कर दिया और मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज करने की मांग की। बाद में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

मृतक की पहचान सुरेंद्र कश्यप के रूप में हुई है, जो पेशे से बोरवेल मिस्त्री था। उसकी लाश पेंड्रा के घसियापारा क्षेत्र में संदिग्ध हालत में मिली थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई।

दुर्गा चौक पर शव रखकर किया प्रदर्शन

हत्या की आशंका को लेकर परिजन और स्थानीय लोग शव को लेकर पेंड्रा के व्यस्त दुर्गा चौक पहुंच गए। उन्होंने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। काफी देर तक चली बातचीत के बाद परिजनों ने चक्काजाम समाप्त कर शव का अंतिम संस्कार करने पर सहमति दी।

मृतक के भाई ने उठाए गंभीर सवाल

मृतक के भाई राजेंद्र कश्यप ने इसे हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताया है। उन्होंने कहा कि परिवार को शुरुआत में बताया गया था कि सुरेंद्र का शव नाली में मिला है, जबकि घटनास्थल पर कोई नाली मौजूद नहीं थी।

परिजनों के अनुसार सुरेंद्र का शव एक आम के पेड़ के सहारे टिकाकर रखा गया था, जबकि उसकी मोटरसाइकिल कुछ दूरी पर खड़ी मिली। इसके अलावा काम में उपयोग होने वाले औजार, पर्स और अन्य सामान भी मौके से गायब थे।

राजेंद्र ने बताया कि जब सुरेंद्र की पत्नी ने उसके मोबाइल पर कॉल किया तो फोन किसी अज्ञात व्यक्ति ने रिसीव किया। इन परिस्थितियों ने हत्या की आशंका को और मजबूत कर दिया है।

पुलिस ने कहा- हर पहलू की होगी जांच

मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने बताया कि शनिवार रात सारथी मोहल्ला क्षेत्र में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला था। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था। एएसपी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि हत्या की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास जारी है। घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोग जल्द निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close