Bhopal News: भोपाल को मिला चौथा रेलवे स्टेशन, सीएम मोहन यादव ने निशातपुरा स्टेशन का किया शुभारंभ
MP Bhopal News: करीब तीन साल पहले बनकर तैयार हो चुके निशातपुरा रेलवे स्टेशन का मंगलवार को औपचारिक शुभारंभ हो गया।

MP Bhopal News: भोपाल। करीब तीन साल पहले बनकर तैयार हो चुके निशातपुरा रेलवे स्टेशन का मंगलवार को औपचारिक शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्टेशन से मालवा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और यहां उसके नियमित ठहराव की शुरुआत की। साथ ही जबलपुर-वेरावल सोमनाथ एक्सप्रेस के नए स्टॉपेज का भी शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही निशातपुरा भोपाल का चौथा रेलवे स्टेशन बन गया।
शुभारंभ समारोह में खेल एवं युवा कल्याण एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, विधायक विष्णु खत्री, महापौर मालती राय, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
रेलवे में अभूतपूर्व बदलाव: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे में व्यापक परिवर्तन हुए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली से उज्जैन और इंदौर की ओर जाने वाली ट्रेनों को अब इंजन या ट्रैक बदलने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे रेल संचालन अधिक सुगम और तेज होगा।
वैष्णो देवी और सोमनाथ से बढ़ा स्टेशन का महत्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि मालवा एक्सप्रेस का वैष्णो देवी और सोमनाथ एक्सप्रेस का सोमनाथ धाम से सीधा जुड़ाव होने के कारण निशातपुरा रेलवे स्टेशन का महत्व और बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ सहित भविष्य में बढ़ने वाले यात्री दबाव को देखते हुए यह स्टेशन भोपाल जंक्शन का भार कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
14 करोड़ की लागत से हुआ विकसित
मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग ₹14 करोड़ की लागत से विकसित निशातपुरा रेलवे स्टेशन केवल एक रेलवे स्टेशन नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास का नया केंद्र बनेगा। इससे आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और व्यापार, रोजगार तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।
रेलवे परियोजनाओं का किया उल्लेख
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद मध्य प्रदेश में लगभग 2,800 किलोमीटर नई रेल लाइन बिछाई गई है और प्रदेश का पूरा रेल नेटवर्क विद्युतीकृत हो चुका है। उन्होंने बताया कि अब प्रतिदिन औसतन 34 किलोमीटर नई रेल लाइन बिछाई जा रही है। वंदे भारत ट्रेन, अमृत भारत स्टेशन योजना, तीसरी-चौथी रेल लाइन और भोपाल में प्रस्तावित लगभग ₹1,800 करोड़ की रेलवे कोच फैक्ट्री जैसी परियोजनाएं प्रदेश में रेलवे के तेजी से हो रहे विकास को दर्शाती हैं।
भोपाल के विकास को मिलेगी नई दिशा
कार्यक्रम में मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि निशातपुरा रेलवे स्टेशन का संचालन शुरू होना नरेला विधानसभा सहित पूरे भोपाल के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि इस स्टेशन के शुरू होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और शहर के विकास को नई दिशा मिलेगी।




