July 30, 2026 |

BREAKING NEWS

देशब्रेकिंग

तेलंगाना सरकार का बड़ा फैसला, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर रखी गई सड़क

हैदराबाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट नानकरामगुडा स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास की एक प्रमुख सड़क का नाम बदलकर आधिकारिक तौर पर 'डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू' कर दिया गया है।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

हैदराबाद। भारत और अमेरिका के रिश्तों को नई पहचान देने की दिशा में तेलंगाना सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। हैदराबाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट नानकरामगुडा स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास की एक प्रमुख सड़क का नाम बदलकर आधिकारिक तौर पर ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ कर दिया गया है। मंगलवार को आयोजित एक विशेष समारोह में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का ने संयुक्त रूप से नई नामपट्टिका का अनावरण किया।

यह फैसला तेलंगाना सरकार द्वारा लिया गया है, जिसके तहत अमेरिका के 45वें और 47वें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर इस सड़क का नाम रखा गया है। सरकार का मानना है कि यह पहल भारत और अमेरिका के मजबूत होते संबंधों और वैश्विक सहयोग की भावना को दर्शाती है।

इससे पहले मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने नई दिल्ली में आयोजित यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम (USISPF) के वार्षिक सम्मेलन में हैदराबाद की महत्वपूर्ण सड़कों को वैश्विक कंपनियों और अंतरराष्ट्रीय पहचान से जोड़ने का प्रस्ताव रखा था। इसी क्रम में शहर की एक अन्य प्रमुख सड़क का नाम ‘गूगल स्ट्रीट’ रखने का भी निर्णय लिया गया है। यह सड़क गूगल के प्रस्तावित नए कैंपस के पास होगी, जो अमेरिका के बाहर कंपनी का सबसे बड़ा कैंपस माना जा रहा है।

तेलंगाना सरकार का कहना है कि इन पहलों का उद्देश्य राज्य को नवाचार, तकनीक और वैश्विक निवेश के केंद्र के रूप में स्थापित करना है। सरकार चाहती है कि हैदराबाद की पहचान एक ऐसे शहर के रूप में बने, जो भारत के इनोवेशन आधारित विकास मॉडल का प्रतीक हो।

अमेरिका की आजादी के 250वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष समारोह में राजनयिक प्रतिनिधियों, सरकारी अधिकारियों और बिजनेस, एयरोस्पेस, रक्षा तथा तकनीकी क्षेत्र के प्रमुख उद्योगपतियों ने भाग लिया। समारोह में अमेरिका और भारत के बीच बढ़ते रणनीतिक और आर्थिक सहयोग पर भी चर्चा हुई।

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि हैदराबाद भारत-अमेरिका साझेदारी की सफलता का सबसे बड़ा उदाहरण बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि हाईटेक सिटी से लेकर एयरोस्पेस और डिफेंस सेक्टर तक यह क्षेत्र दोनों देशों के रिश्तों की नई दिशा तय कर रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरिम व्यापार समझौते और ‘मिशन इंडिया’ के माध्यम से अमेरिका में 20 अरब डॉलर से अधिक के नए निवेश का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि “अमेरिका फर्स्ट” का अर्थ “अमेरिका अकेला” नहीं है और तेलंगाना सरकार द्वारा ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ का नामकरण दोनों देशों के मजबूत संबंधों का प्रतीक है।

उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का ने अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमेरिकी नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि हैदराबाद भारत और अमेरिका के बीच सबसे मजबूत कड़ियों में से एक बन चुका है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना को इस बात पर गर्व है कि वह दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग का महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close