July 30, 2026 |

BREAKING NEWS

देशब्रेकिंग

बिलासपुर में उर्स के दौरान चाकूबाजी और मारपीट, मुख्य आरोपी समेत 7 बदमाश गिरफ्तार

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

Assault During Urs in Bilaspur: बिलासपुर। शहर में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हर्ष खांडे समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों पर उर्स के दौरान सिविल लाइन थाने के सामने मारपीट करने, चाकू लहराकर लोगों में दहशत फैलाने और उपद्रव मचाने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की गई।

डांस के दौरान शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, घोड़ादाना स्कूल से निकली संदल की टोली जब सिविल लाइन थाने के सामने पहुंची, तब डांस के दौरान पैर टकराने जैसी मामूली बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर तारबाहर निवासी हर्ष खांडे (18 वर्ष) ने गुस्से में धारदार चाकू निकाल लिया और वहां मौजूद लोगों को डराने लगा।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक की डंडे से जमकर पिटाई भी की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।

वायरल वीडियो और CCTV से हुई पहचान
घटना सामने आने के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। वायरल वीडियो और तकनीकी जांच के आधार पर मुख्य आरोपी हर्ष खांडे की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने तालापारा, मसानगंज और जरहाभाठा क्षेत्रों में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मारपीट और उपद्रव में शामिल उसके आधा दर्जन साथियों को भी गिरफ्तार किया गया।

कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेजे गए आरोपी
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

मगरपारा चौक में चापड़ लहराते युवक को पकड़ा
उर्स के दौरान ही एक अन्य घटना मगरपारा चौक में सामने आई। पुलिस के अनुसार तालापारा से निकली संदल टोली में शामिल अब्दुल अजीम खान (18 वर्ष) खुलेआम चापड़ लहराकर लोगों को डरा रहा था।

इसी दौरान गश्त कर रही पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से खतरनाक चापड़ बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।

सरकंडा पुलिस ने भी की कार्रवाई
उधर, नूतन चौक में हुई चाकूबाजी की घटना में सरकंडा पुलिस ने मुख्य आरोपी राजा यादव (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने युवराज पाण्डेय पर बटनदार चाकू से जानलेवा हमला किया था। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से चाकू भी बरामद किया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, मामले में फरार चल रहे अन्य दो आरोपी लिल्ली नाई और बड़कू यादव की तलाश जारी है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close