July 31, 2026 |

BREAKING NEWS

देशप्रदेशब्रेकिंग

Weather Report: मौसम का बदला मिजाज, उत्तर भारत के कई इलाकों में बारिश, जानिए मार्च के महीने में क्यों हो रहा ऐसा मौसम?

Weather Report Today: दिल्ली में पिछले छह सालों में मार्च का सबसे ठंडा दिन और पिछले पांच महीनों में सबसे स्वच्छ हवा दर्ज किए जाने के एक दिन बाद सामने आई है।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

Weather Report Today: नई दिल्ली। राजस्थान और हिमाचल प्रदेश सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश हुई। शनिवार को दिल्ली में फिर से कोहरा छा गया। दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम होकर 13 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। शहर में ठंडी हवाएं चल रही थीं। हालांकि, दिल्ली में अधिकतम तापमान में वृद्धि देखी गई, लेकिन ठंडी हवाओं का प्रभाव बना रहा। यह स्थिति दिल्ली में पिछले छह सालों में मार्च का सबसे ठंडा दिन और पिछले पांच महीनों में सबसे स्वच्छ हवा दर्ज किए जाने के एक दिन बाद सामने आई है।

जानिए दिल्ली का तापमान

सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री कम और शुक्रवार को दर्ज किए गए 16 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक था। अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक और शुक्रवार के अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस से 5.7 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है।

कल हो सकती है दिल्ली में बारिश

दिल्ली में शनिवार को बारिश दर्ज नहीं की गई, लेकिन मौसम विभाग ने बताया कि दिन भर 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलती रहीं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को सुबह से दोपहर तक हल्की बारिश के साथ-साथ गरज और बिजली कड़कने की आशंका है।

राजस्थान के कई जिलों में है बारिश का अलर्ट

स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को बताया कि पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में पिछले 24 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिसमें झुंझुनू जिले का मंडावा सबसे अधिक 18 मिमी बारिश वाला क्षेत्र रहा। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जो सामान्य से दो से आठ डिग्री कम है। जैसलमेर में सबसे अधिक तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण रविवार को जोधपुर, बीकानेर और शेखावाटी सहित पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

यूपी के कई जिलों में छाए रहे बादल

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहा। अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 7.9 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बलिया में 1.2 मिमी, बहराइच और सुल्तानपुर में एक मिमी बारिश हुई। लखनऊ और आसपास के इलाकों के लिए पूर्वानुमान है कि आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और बाद में मुख्य रूप से आसमान साफ हो जाएगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 29 और 17 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

हिमाचल में बर्फबारी और बारिश

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले आदिवासी क्षेत्रों में शनिवार को लगातार पांचवें दिन मध्यम से भारी बर्फबारी हुई, जबकि मध्य और निचले इलाकों में व्यापक बारिश हुई, जिससे तापमान में भारी गिरावट आई। राज्य के अधिकतर हिस्सों में शनिवार को मौसम शुष्क रहा और धूप खिली रही, जिससे लोगों को खराब मौसम से राहत मिली। शुक्रवार शाम से सांगला में 20.5 सेंटीमीटर, कल्पा में 18.2 सेंटीमीटर, केलांग में 10.0 सेंटीमीटर, हंसा में 7.5 सेंटीमीटर, गोंडला में चार सेंटीमीटर और कुकुमसेरी में 2.1 सेंटीमीटर हिमपात दर्ज की गई। कंडाघाट में सबसे अधिक 50 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके बाद जट्टन बैराज, मनाली, शिमला, गोहर और बर्थिन में 40 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई।

जानिए क्यों आया मौसम में बदलाव

उत्तर भारत में अचानक से बदले मौसम की वजह भी सामने आ गई है। मौसम विभाग के अनुसार इस बदलाव की मुख्य वजह मार्च में सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) है, जो भूमध्य सागर क्षेत्र से होकर उत्तर भारत में पहुंचा है। इसके प्रभाव से आसमान में बादल छा गए और कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close