July 29, 2026 |

BREAKING NEWS

Uncategorized

Rajnandgaon Police Action: अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश, राजस्थान का शातिर चोर गिरफ्तार

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

Rajnandgaon Police Action: राजनांदगांव। शहर में लगातार हो रही दुकानों में चोरी की बड़ी वारदातों का खुलासा करते हुए राजनांदगांव पुलिस ने राजस्थान के एक अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

छत के रास्ते दुकानों में घुसकर करते थे चोरी

पुलिस के मुताबिक छत्तीसगढ़ शासन की अपराध मुक्त नीति के तहत पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में कार्रवाई की गई। शहर के विभिन्न इलाकों में रात के समय दुकानों की छत के रास्ते अंदर घुसकर गल्ले से नगदी और कीमती सामान चोरी किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।

इन मामलों में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 456/25, 478/25, 532/25 और 537/25 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

शहर में हुई थीं कई बड़ी चोरियां

पुलिस जांच में सामने आई प्रमुख घटनाओं में महावीर चौक स्थित नंदलाल हार्डवेयर में 3-4 सितंबर 2025 की रात करीब 60 हजार रुपये की नगदी चोरी शामिल है। वहीं मानव मंदिर चौक स्थित गणेश मेडिकल स्टोर में 17-18 सितंबर 2025 की रात लगभग 7 लाख रुपये नगद पार कर दिए गए थे।

इसके अलावा नरेश वॉच दुकान से करीब 2.50 लाख रुपये नगद और 12 से 13 कीमती घड़ियों की चोरी हुई थी। हमालपारा स्थित संगम साड़ी दुकान से भी लगभग 4 लाख रुपये नगद और सोने की चेन चोरी कर ली गई थी।

तकनीकी जांच से मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो और वैशाली जैन के मार्गदर्शन में विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, टावर डंप और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया, जिसमें राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के एक शातिर गिरोह की संलिप्तता सामने आई।

इसके बाद पुलिस टीम ने राजस्थान में दबिश देकर मुख्य आरोपी दिनेश चरपोटा को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश चरपोटा (36 वर्ष) पिता छगन चरपोटा निवासी गणेशीलाल का पाड़ला, चौकी माहीडेम, थाना भुंगड़ा, जिला बांसवाड़ा (राजस्थान) के रूप में की है।

आरोपी को केंद्रीय जेल बांसवाड़ा से प्रोडक्शन वारंट पर राजनांदगांव लाया गया है, जहां उससे पूछताछ जारी है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपी हरिश उर्फ हरिया चरपोटा, परमेश उर्फ फन्टु चरपोटा और सुनील चरपोटा अभी फरार हैं। तीनों राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

अपराधियों पर जारी रहेगी सख्त कार्रवाई

राजनांदगांव पुलिस का कहना है कि जिले में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close