July 30, 2026 |

BREAKING NEWS

देशप्रदेशब्रेकिंग

भाजपा कार्यालय के लिए जमीन आवंटन का विरोध, ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट घेरा, “सरपंच हटाओ, गांव बचाओ” के लगे नारे

CG Dhamtari News: धमतरी जिले के लोहरसी गांव में जिला भाजपा कार्यालय के लिए एक एकड़ जमीन आवंटन का मामला तूल पकड़ता जा रहा है।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

CG Dhamtari News: धमतरी। धमतरी जिले के लोहरसी गांव में जिला भाजपा कार्यालय के लिए एक एकड़ जमीन आवंटन का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत सरपंच ने कुछ पंचों के साथ मिलकर गांव की एक एकड़ जमीन गोपनीय तरीके से भारतीय जनता पार्टी को बेच दी। उनका कहना है कि यह जमीन लंबे समय से बच्चों के खेलने और मवेशियों के चारागाह के रूप में उपयोग में लाई जाती रही है। बिना ग्रामसभा की जानकारी और सहमति के जमीन का सौदा किए जाने से गांव में आक्रोश व्याप्त है।

लोहरसी ग्राम विकास समिति के महिला, पुरुष और युवा करीब 10 ट्रैक्टर एवं अन्य वाहनों के साथ जनपद कार्यालय पहुंचे। वहां से नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट तक पहुंचे। परिसर में प्रवेश रोकने के लिए बैरिकेड्स लगाए गए थे और बड़ी संख्या में महिला व पुरुष पुलिसकर्मी तैनात थे। इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई।

स्थिति को नियंत्रित करने के बाद 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को अपर कलेक्टर से चर्चा के लिए बुलाया गया, जहां ग्रामीणों ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई।

“सरपंच हटाओ, गांव बचाओ” के लगे नारे

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने “सरपंच हटाओ, गांव बचाओ” के नारे लगाए। उनका आरोप है कि सरपंच, सचिव, उप-सरपंच समेत कुछ पंचों ने मिलकर जमीन का गुपचुप सौदा किया। ग्रामीणों की मांग है कि उक्त भूमि को निस्तारी और चारागाह के लिए सुरक्षित घोषित किया जाए।

शपथ के बाद भी वादा तोड़ने का आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में तिरंगे के सामने गीता पर हाथ रखकर शपथ ली गई थी कि जनता से पूछकर ही निर्णय लिए जाएंगे। बावजूद इसके, बिना ग्रामसभा की अनुमति के जमीन बेच दी गई।

कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि मामले पर चर्चा के लिए बैठक बुलाई गई थी, लेकिन सरपंच और अन्य पंच उसमें शामिल नहीं हुए। उनका कहना है कि यदि कोई अनियमितता नहीं होती तो बैठक में उपस्थित होकर स्थिति स्पष्ट की जा सकती थी और गांव स्तर पर ही समाधान निकल जाता। मामले को लेकर प्रशासन की ओर से जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close