सांप के साथ खेलना शख्स को पड़ गया भारी, कोबरा ने इन अंगों पर काटा, युवक अस्पताल में भर्ती
Bhopal Latest News : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक शख्स को कोबरा सांप से खेलना भारी पड़ा है।

Bhopal Latest News : भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक शख्स को कोबरा सांप से खेलना भारी पड़ा है। दरअसल यहां एक शख्स ने एक कोबरा सांप को पकड़ रखा था। इस दौरान वह बार-बार उसके साथ खेल रहा था। तभी अचानक जैसे ही उस शख्स की पकड़ कोबरा सांप पर ढीली पड़ी कि सांप ने उसकी हथेली और कंधे पर काट लिया। सांप के काटने के बाद उसके शरीर में जहर तेजी से फैलने लगा। इसके बाद आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर है। बता दें कि मरीज की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने इस घटना का वीडियो भी बनाया है, जिसमें साफ-साफ यह देखा जा सकता है कि वह शख्स सांप को अपने हाथ में पकड़ के यहां वहां घूम रहा है। बता दें कि मरीज की पहचान 40 वर्षी पेंदे खान के रूप में हुई है जो भोपाल के पिपलिया का निवासी है।
यूपी में भी घटी थी ऐसी घटना
बीते दिनों उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से भी ऐसा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया था। यहां कथित तौर पर एक शख्स को रील बनाने के दौरान सांप ने काट लिया। जानकारी के मुताबिक, शख्स रील बनाने के लिए सांप को हाथ में लेकर चूमने का प्रयास कर रहा था। इसके बाद सांप ने उसकी जीभ पर डस लिया। जीभ पर सांप द्वारा काटने के बाद शख्स की हालत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। दरअसल, ये पूरा मामला अमरोहा जिले के हैबतपुर गांव का है। यहां शुक्रवार को 50 वर्षीय जितेंद्र कुमार नाम का किसान सांप को बचाने के बाद उसके साथ वीडियो बना रहा था। लोगों को दिखाने के लिए वह सांप के साथ फोटो खिंचवा रहा था और रील बनवा रहा था। स्थानीय लोगों ने बताया है कि सांप के साथ वीडियो बनवाते वक्त शख्स नशे में था और धूम्रपान कर रहा था। इसी दौरान सांप ने उसे डस लिया।
रील बनाने के चक्कर में सांप ने काटा
सोशल मीडिया पर जो कथित वीडियो वायरल हो रहा है उसमें देखा जा सकता है कि शख्स सांप को अपनी गर्दन के चारों ओर लपेटते हुए और जीभ से सटाते हुए दिख रहा है। जानकारी के मुताबिक, जैसे ही शख्स ने अपनी जीभ को सांप की तरफ बढ़ाया, सांप ने अचानक से हमला किया और उसकी जीभ पर डस लिया। इस कारण वहां पर खड़े लोग डर गए। सांप के डसने के कारण शख्स की हालत बिगड़ गई। उसके पहले नजदीक के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, फिर उसे दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया। हैबतपुर गांव के मुखिया जयकीरत सिंह ने इस बारे में बयान जारी किया। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन इलाके में एक दीवार से सांप निकलने के कारण डर फैल गया था। इस दौरान जितेंद्र वहां पहुंचा और सांप को पकड़ लिया। मुखिया के मुताबिक, “वह सांप को पकड़े हुए था और उसे चूमने का प्रयास कर रहा था। जैसे ही उसकी पकड़ ढीली हुई, सांप ने उसकी जीभ पर काट लिया। जितेंद्र ने सांप को छोड़ दिया, जो फिर (सांप) पास की झाड़ियों में चला गया।”




