New Vande Bharat Trains : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार को छह नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई है। रेल मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि ये नई ट्रेनें इस मॉडर्न इनोवेशन के तेजी से बढ़ते बेड़े को 54 ट्रेन सेट से बढ़ाकर 60 कर देंगी। ये ट्रेन सेट दैनिक आधार पर 120 ट्रिप्स करते हुए 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 280 से अधिक जिलों को कवर करेंगी। प्रधानमंत्री मोदी आज झारखंड दौरे पर हैं। उन्होंने वर्चुअली छह वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। मंत्रालय ने बयान में कहा, “वंदे भारत पोर्टफोलियो का विस्तार हो रहा है, जिसमें बेहतर कनेक्टिविटी के लिए नई ट्रेन सेवाएं जोड़ी जा रही हैं।” इसमें आगे कहा गया, “मेक इन इंडिया पहल के तहत स्वदेशी रूप से डिजाइन की गई ये ट्रेनें अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान करती हैं, जिससे लाखों यात्रियों को फायदा हो रहा है।”




