August 1, 2026 |

BREAKING NEWS

ब्रेकिंगमध्यप्रदेश

MP News: किन्नर का भेष बनाकर लूट करने वाले छह आरोपी गिरफ्तार

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

MP News: बागली (देवास)। देवास जिले के कन्नौद थाना क्षेत्र के ग्राम बरबईखेड़ा में किन्नर का भेष धारण कर लूट-डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले छह आरोपियों को खातेगांव और कन्नौद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौम्या जैन ने प्रेस वार्ता में किया। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 19 जून 2026 को ग्राम बरबईखेड़ा में हुई लूट-डकैती की घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पहचान छिपाने के लिए अपनाया किन्नर का भेष

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपनी पहचान छिपाने और लोगों को भ्रमित करने के लिए किन्नर का भेष धारण कर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी इस तरीके से लोगों का शक अपने ऊपर नहीं आने देना चाहते थे, ताकि वारदात के बाद आसानी से फरार हो सकें।

जेवर, चाकू और दो कारें बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो सोने की मालाएं, एक सोने का टॉप्स, घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू तथा वारदात में प्रयुक्त दो कारें बरामद की हैं। जब्त किए गए सभी सामान को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

डर के कारण देर से दर्ज हुई शिकायत

पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद पीड़ित आरोपियों के भय के कारण तत्काल थाने नहीं पहुंचा था और उसने शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर पूरी घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद प्रकरण में विधिवत कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।

पूछताछ में हो सकते हैं और खुलासे

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौम्या जैन ने बताया कि सभी आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान इस गिरोह से जुड़े अन्य अपराधों और संभावित साथियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। उन्होंने कहा कि जिले में संगठित अपराध और लूट की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close