
Amarnath Yatra 2026: जम्मू: लगातार हो रही बारिश और जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) के बंद रहने के कारण शनिवार को एक बार फिर अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से श्रद्धालुओं के नए जत्थे को कश्मीर घाटी के लिए रवाना नहीं किया गया। मौसम खराब होने और हाईवे पर मरम्मत कार्य के चलते यात्रा पर अस्थायी रोक लगाई गई है।
लधा-समरोली मार्ग पर मरम्मत, बारिश से बढ़ीं मुश्किलें
उधमपुर जिले के लधा-समरोली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग की मरम्मत का काम जारी है। पिछले सप्ताह हुई भारी बारिश से सड़क को नुकसान पहुंचा था। इसके बाद शुक्रवार को अमरनाथ यात्रा के काफिले के गुजरने के बाद एहतियातन हाईवे को दोनों ओर से बंद कर दिया गया। लगातार बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ जमा हो गया है और फिसलन बढ़ने से यातायात बहाल करने में दिक्कत आ रही है।
रामबन और उधमपुर में जारी है बारिश
रामबन और उधमपुर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी है। इसके चलते NH-44 पर बहाली कार्य प्रभावित हो रहा है। यह राष्ट्रीय राजमार्ग कश्मीर घाटी को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाला प्रमुख ऑल वेदर मार्ग है, इसलिए इसके बंद होने से अमरनाथ यात्रा के साथ सामान्य यातायात भी प्रभावित हुआ है।
भगवती नगर बेस कैंप में शिफ्ट किए गए रजिस्ट्रेशन काउंटर
श्रद्धालुओं की संख्या में कमी को देखते हुए श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड (SASB) ने यात्रा पंजीकरण, टोकन वितरण, ई-केवाईसी सत्यापन और RFID जारी करने की व्यवस्था तवी रिवरफ्रंट से भगवती नगर बेस कैंप में स्थानांतरित कर दी है। अब श्रद्धालुओं को सभी सुविधाएं भगवती नगर परिसर में ही उपलब्ध कराई जा रही हैं।
4.5 लाख श्रद्धालु कर चुके हैं दर्शन
3 जुलाई से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा में अब तक करीब 4.5 लाख श्रद्धालु पवित्र गुफा में प्राकृतिक रूप से बने बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। इससे पहले भी भारी बारिश और भूस्खलन के कारण यात्रा कुछ दिनों के लिए रोकनी पड़ी थी। मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा दोबारा शुरू की गई थी।
28 अगस्त को होगा यात्रा का समापन
श्री अमरनाथ यात्रा का समापन 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर होगा। फिलहाल यात्रा दोबारा कब शुरू होगी, इसका निर्णय मौसम की स्थिति और जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल होने के बाद लिया जाएगा।




