April 16, 2026 |

BREAKING NEWS

ब्रेकिंगमध्यप्रदेश

MP News: भोपाल में भाजपा का ‘दीनदयाल प्रशिक्षण महा अभियान’, 25 जिलों के 600 कार्यकर्ताओं को दी जाएगी ट्रेनिंग

MP Latest News: भाजपा के ‘दीनदयाल प्रशिक्षण महा अभियान’ के तहत शुक्रवार को भोपाल के रवीन्द्र भवन में कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

MP Latest News: भोपाल। भाजपा के ‘दीनदयाल प्रशिक्षण महा अभियान’ के तहत शुक्रवार को भोपाल के रवीन्द्र भवन में कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तर्ज पर बनाए गए तीन प्रांतों की संरचना के अनुसार मध्यभारत प्रांत के जिलों से करीब 600 वक्ता इस प्रशिक्षण में शामिल होंगे। ये सभी प्रतिभागी मंडल स्तर पर होने वाले प्रशिक्षण के लिए मास्टर ट्रेनर की भूमिका निभाएंगे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह मुख्य रूप से शामिल होंगे।

तीन प्रांतों में होगा प्रशिक्षण

भाजपा का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम संघ की तर्ज पर महाकौशल, मध्यभारत और मालवा प्रांतों में आयोजित किया जाएगा। मध्यभारत प्रांत में 6 मार्च को भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर और चंबल संभाग के 25 जिलों के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

महाकौशल प्रांत में 7 मार्च को जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस कन्वेंशन सेंटर में जबलपुर, छिंदवाड़ा, रीवा और शहडोल संभाग के 19 जिलों के कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण होगा। वहीं मालवा प्रांत का प्रशिक्षण 10 मार्च को इंदौर के गुजराती इनोवेटिव कॉलेज में आयोजित किया जाएगा, जिसमें 18 जिलों के कार्यकर्ता शामिल होंगे।

तकनीक के इस्तेमाल पर विशेष जोर

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को आधुनिक तकनीक के अनुरूप तैयार करना है। पार्टी का मानना है कि “व्यक्ति निर्माण से संगठन निर्माण” और फिर “राष्ट्र निर्माण” के लक्ष्य को पाने के लिए कार्यकर्ताओं का तकनीकी रूप से दक्ष होना जरूरी है।

AI और सोशल मीडिया पर विशेष सत्र

मंडल स्तर पर होने वाले 24 घंटे के गहन प्रशिक्षण सत्रों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सोशल मीडिया, नमो ऐप और संगठन ऐप के उपयोग पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से कार्यकर्ताओं को तकनीक का उपयोग कर पार्टी की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

राष्ट्रीय टोली में एमपी का प्रतिनिधित्व

इस महाअभियान के संचालन के लिए बनाई गई राष्ट्रीय टोली में मध्य प्रदेश से भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और सांसद वी.डी. शर्मा को सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कविता पाटीदार को सदस्य बनाया गया है। वहीं क्षेत्रीय स्तर पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के लिए के.सी. पटेल को प्रभारी नियुक्त किया गया है।

दो स्तरों पर होगा प्रशिक्षण

प्रशिक्षण को बूथ और मंडल स्तर पर आयोजित किया जाएगा। मंडल स्तर पर 24 घंटे में 7 सत्र होंगे, जबकि दूसरे चरण में बूथ स्तर पर 4 घंटे में दो सत्रों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान डिजिटल कनेक्टिविटी, व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए संवाद, ‘मन की बात’ जैसे कार्यक्रमों के प्रसार और संगठन की डिजिटल मजबूती पर विशेष जोर दिया जाएगा।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close