माय स्कूल के नन्हे मुन्ने बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के रंग बिखेरे, दर्शक हुए भाव विभोर, देखें तस्वीरें

नगर के प्रतिष्ठित अंग्रेजी माध्यम विद्यालय माय स्कूल में संस्कृत कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। सुभाष निकेतन परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की विविध और समृद्ध संस्कृति को मंच पर जीवंत कर दिया। कार्यक्रम में धार्मिक और राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ गंजबासौदा नगर पालिका अध्यक्ष शशि अनिल यादव ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन कर किया। इस अवसर पर भारती निकेतन के प्रबंधक दिग्विजय सिंह चौहान विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना पर आधारित सामूहिक नृत्य से हुई। इसके पश्चात छोटी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। वहीं, बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने देश की विभिन्न लोक संस्कृतियों को दर्शाते हुए मनमोहक सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किए। बच्चों ने भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। साथ ही नौ देवियों के रूपों का सजीव चित्रण भी किया गया। देशभक्ति से ओत-प्रोत नृत्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बना दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के पिछले सत्र में अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मंच से ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन ध्वजा श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में विद्यालय की शिक्षिका अंजलि दुबे एवं विद्यार्थियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में अर्पित तारण ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

समारोह में उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए विद्यालय के इस प्रयास को संस्कार और संस्कृति के संवर्धन की दिशा में सराहनीय बताया।




