July 29, 2026 |

BREAKING NEWS

देशब्रेकिंग

INDIA Alliance Meeting: दो साल बाद INDIA गठबंधन की बड़ी बैठक आज, 23 दलों के नेता करेंगे रणनीति पर मंथन; AAP और DMK ने बनाई दूरी

INDIA Alliance Meeting:  INDIA गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में आयोजित होने जा रही है।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

INDIA Alliance Meeting:  नई दिल्ली। विपक्षी दलों के INDIA (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में आयोजित होने जा रही है। बैठक में केंद्र सरकार के खिलाफ साझा रणनीति तैयार करने, आगामी विधानसभा चुनावों और 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर व्यापक चर्चा की जाएगी।

बैठक में कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल, शिवसेना (उद्धव गुट) सहित 23 राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं के शामिल होने की संभावना है। हालांकि आम आदमी पार्टी (AAP) और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) ने इस बैठक से दूरी बना ली है।

कई बड़े नेता होंगे शामिल

बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव तथा शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे सहित कई वरिष्ठ विपक्षी नेता शामिल हो सकते हैं।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि INDIA गठबंधन के 23 दलों ने बैठक में शामिल होने की पुष्टि की है। कुछ दलों ने अपने-अपने कारणों से बैठक में शामिल होने में असमर्थता जताई है।

AAP और DMK ने किया बहिष्कार

आम आदमी पार्टी पहले ही सार्वजनिक रूप से INDIA गठबंधन से दूरी बनाने का संकेत दे चुकी है। वहीं DMK ने भी बैठक में शामिल नहीं होने का फैसला किया है। बताया जा रहा है कि तमिलनाडु की राजनीति में कांग्रेस और DMK के संबंधों में आई खटास इसके पीछे एक प्रमुख कारण है।

इसके अलावा तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के गठबंधन में नए सहयोगी के रूप में शामिल होने की चर्चा है, हालांकि उसे अभी तक बैठक के लिए औपचारिक आमंत्रण नहीं मिला है।

दो साल बाद हो रही आधिकारिक बैठक

INDIA गठबंधन की यह पहली आधिकारिक बैठक है, जो जून 2024 के बाद आयोजित की जा रही है। माना जा रहा है कि गठबंधन भविष्य की राजनीतिक रणनीति, राज्यों में होने वाले चुनावों और राष्ट्रीय मुद्दों पर एकजुट विपक्ष की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय ले सकता है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि हाल के चुनावी परिणामों और भाजपा के बढ़ते प्रभाव के बीच विपक्षी दल एक साझा मंच पर अपनी ताकत दिखाने की कोशिश कर रहे हैं।

बैठक से पहले पोस्टर वार

बैठक से पहले राजधानी दिल्ली में राजनीतिक पोस्टर वार भी देखने को मिली। भारतीय जनता पार्टी की ओर से लगाए गए पोस्टरों में INDIA गठबंधन के नेताओं द्वारा एक-दूसरे के खिलाफ दिए गए बयानों का उल्लेख किया गया है।

पोस्टरों में सवाल उठाया गया है कि “जो नेता आपस में ही संघर्ष कर रहे हैं, वे साथ मिलकर कैसे लड़ेंगे?” इसके बाद बैठक को लेकर राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है।

अब सभी की निगाहें INDIA गठबंधन की इस बैठक पर टिकी हैं, जहां विपक्ष आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के लिए अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने का प्रयास करेगा।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close