July 30, 2026 |

BREAKING NEWS

खेल जगत

IND vs ZIM: वैभव सूर्यवंशी का धमाका, भारत ने जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हराया; छह हार के बाद टी20 में शानदार वापसी

IND vs ZIM: लगातार छह टी20 मुकाबलों में हार का सामना करने के बाद भारतीय टीम ने आखिरकार जीत का स्वाद चख लिया।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

IND vs ZIM: हरारे। लगातार छह टी20 मुकाबलों में हार का सामना करने के बाद भारतीय टीम ने आखिरकार जीत का स्वाद चख लिया। आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ लगातार छह मैच गंवाने के बाद टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में दमदार वापसी करते हुए सात विकेट से शानदार जीत दर्ज की। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने 126 रन का लक्ष्य महज तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया और पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।

15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने मचाया तहलका

भारत की जीत के सबसे बड़े नायक 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे। इंग्लैंड दौरे पर लगातार तीन पारियों में 14, 13 और 15 रन बनाने के बाद उन्हें अंतिम मुकाबले से बाहर बैठना पड़ा था, लेकिन जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने शानदार वापसी की।

अभिषेक शर्मा के जल्दी आउट होने के बाद वैभव ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 18 गेंदों में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक पूरा किया। उनकी विस्फोटक पारी में चार चौके और चार शानदार छक्के शामिल रहे। जब वैभव आउट हुए, तब तक भारत 6.2 ओवर में 68 रन बना चुका था और जीत लगभग तय हो गई थी। इसके बाद ईशान किशन ने 35 रन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद 28 रन बनाकर भारत को आसानी से जीत दिला दी।

मयंक और प्रिंस की गेंदबाजी ने तोड़ी जिम्बाब्वे की कमर

इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को बड़े स्कोर तक पहुंचने नहीं दिया। मेजबान टीम ने महज 32 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे।

हालांकि वेस्ले मधेवेरे (39 रन), तदिवानाशे मारुमानी (27 रन) और रयान बर्ल (26 रन) की पारियों की बदौलत जिम्बाब्वे 20 ओवर में 125 रन बना सका। भारत की ओर से मयंक यादव ने 4 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट, जबकि प्रिंस यादव ने 19 रन देकर 2 विकेट झटके। रवि बिश्नोई और शिवम दुबे को भी एक-एक सफलता मिली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण कर रहे अशोक शर्मा को हालांकि कोई विकेट नहीं मिला।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पहली जीत

यह मुकाबला भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए भी यादगार रहा। भारतीय टीम की कप्तानी संभालने के बाद यह उनकी पहली टी20 जीत है। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। दोनों टीमों के बीच दूसरा टी20 मुकाबला 25 जुलाई को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा।

भारत की प्लेइंग इलेवन

वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, अशोक शर्मा और मयंक यादव।

जिम्बाब्वे की प्लेइंग इलेवन

ब्रायन बेनेट, तदिवानाशे मारुमानी (विकेटकीपर), बेन कुरेन, डियोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, वेस्ले मधेवेरे, ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामहुरी, रिचर्ड नगारवा और ब्लेसिंग मुजरबानी।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close