September 15, 2026 |

BREAKING NEWS

देशप्रदेशब्रेकिंग

देश में पहली पहल: रायपुर में 15 हजार ऑटो-ई रिक्शा का डिजिटल पंजीयन, QR कोड से होगी चालक की पहचान

Auto-E Rickshaw Digital Registration: शहर में संचालित करीब 15 हजार ऑटो और ई-रिक्शा का डिजिटल पंजीयन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

Auto-E Rickshaw Digital Registration: रायपुर। राजधानी रायपुर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और नागरिक-अनुकूल बनाने की दिशा में पुलिस कमिश्नरेट ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विशेष अभियान के तहत शहर में संचालित करीब 15 हजार ऑटो और ई-रिक्शा का डिजिटल पंजीयन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही रायपुर सार्वजनिक परिवहन में बड़े पैमाने पर ऑटो और ई-रिक्शा का डिजिटल रजिस्ट्रेशन कराने वाला देश का पहला शहर बन गया है।

यह पहल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने, वाहन चालकों की पहचान सुनिश्चित करने और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

20 मई से चला विशेष अभियान

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में 20 मई से 5 जून 2026 तक विशेष डिजिटल पंजीयन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को घर बैठे क्यूआर कोड स्कैन कर निशुल्क पंजीयन की सुविधा प्रदान की गई।

इस प्रक्रिया में न तो वाहन चालकों को किसी कार्यालय के चक्कर लगाने पड़े और न ही किसी प्रकार का शुल्क देना पड़ा। यातायात पुलिस और ऑटो-ई रिक्शा यूनियनों के सहयोग से निर्धारित अवधि में लगभग 15 हजार वाहनों का सफल पंजीयन किया गया।

QR कोड से मिलेगी चालक और वाहन की पूरी जानकारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान के अगले चरण में सभी पंजीकृत ऑटो और ई-रिक्शा में विशेष QR कोड लगाए जाएंगे। यात्री अपने मोबाइल फोन से इस QR कोड को स्कैन कर वाहन मालिक और चालक की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

इस व्यवस्था से यात्रियों की सुरक्षा मजबूत होगी और किसी विवाद, अभद्र व्यवहार या शिकायत की स्थिति में संबंधित चालक की तत्काल पहचान की जा सकेगी। इससे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ेगी।

पंजीयन की समय-सीमा 7 दिन बढ़ाई गई

ऑटो और ई-रिक्शा यूनियनों के अनुरोध पर पंजीयन की समय-सीमा को सात दिनों के लिए और बढ़ा दिया गया है। जिन वाहन चालकों का अब तक पंजीयन नहीं हो सका है, उन्हें अंतिम अवसर दिया गया है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अतिरिक्त अवधि समाप्त होने के बाद बिना पंजीयन वाले ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नागरिकों से भी की गई अपील

रायपुर पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे केवल उन्हीं ऑटो और ई-रिक्शा में यात्रा करें, जिनमें अधिकृत QR कोड लगा हुआ हो। इससे सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।

यातायात व्यवस्था में आएगा बड़ा बदलाव

विशेषज्ञों का मानना है कि डिजिटल पंजीयन और QR आधारित पहचान प्रणाली से न केवल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि अपराध नियंत्रण, शिकायत निवारण और यातायात प्रबंधन में भी पुलिस को बड़ी मदद मिलेगी। रायपुर की यह पहल देश के अन्य शहरों के लिए भी एक मॉडल साबित हो सकती है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close