July 30, 2026 |

BREAKING NEWS

छत्तीसगढ़ब्रेकिंग

CG Morning News: दिल्ली दौरे पर जाएंगे सीएम साय, 77 ट्रेनें रद्द, पेट्रोल पंपों पर हाहाकार

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

CG Morning News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वे सुबह 7:20 बजे एयरपोर्ट पहुंचकर उड़ान भरेंगे और लगभग 11:00 बजे दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में छत्तीसगढ़ से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री राज्य में नक्सलवाद के खात्मे के बाद की मौजूदा स्थिति की जानकारी भी केंद्र सरकार को देंगे। इसके साथ ही मध्य क्षेत्रीय परिषद की आगामी बैठक की तैयारियों पर भी विचार-विमर्श हो सकता है। दिनभर के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री रात 9:00 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और लगभग 9:30 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।

छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 77 ट्रेनें रद्द
बिलासपुर। भारतीय रेलवे ने छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली 77 ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों में रद्द करने का फैसला लिया है। यह ट्रेनें 8 जून से 19 जून 2026 के बीच प्रभावित रहेंगी। रेलवे के इस फैसले से समर वेकेशन के दौरान यात्रियों की परेशानी बढ़ने की आशंका है।

जानकारी के मुताबिक, रद्द की गई ट्रेनों में 65 एक्सप्रेस और 12 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। वहीं 8 ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा, 6 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा और 5 ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से संचालित होंगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार, चांपा रेलवे स्टेशन में चौथी रेल लाइन जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इसी कारण बिलासपुर रेल मंडल द्वारा यह निर्णय लिया गया है।

पेट्रोल-डीजल सप्लाई बाधित होने से कई पंप बंद
राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल पंप खाली हो गए है। बुधवार को राजधानी में एचपी और इंडियन ऑयल के करीब एक दर्जन पेट्रोल पंपों पर समय पर सप्लाई नहीं पहुंचने और दाम बढ़ने की आशंका के चलते कुछ पंपों द्वारा बिक्री रोक दिए जाने से हालात बिगड़ गए। शाम होते-होते कई पेट्रोल पंप बंद हो गए, जिससे शहर में अफरा-तफरी मच गई और चालू पंपों पर देर रात तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। सरोना, भाठागांव, विधानसभा रोड, देवेन्द्र नगर और जयस्तंभ चौक जैसे इलाकों में लोगों को भारी परेशानी हुई।

कुछ जगहों पर पंप बंद रहने की सूचना से लोग परेशान दिखे। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि कुछ पंपों ने मनमाने तरीके से सप्लाई रोक दी है और कलेक्टर से जांच की मांग की है। वहीं पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने कहा कि सप्लाई में दिक्कत का कारण भुगतान में देरी भी हो सकती है।

रायपुर में RCB vs KKR मैच के दौरान हंगामा, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में RCB और KKR के बीच खेले गए मुकाबले में RCB ने 6 विकेट से जीत दर्ज की। हालांकि मैच के दौरान और बाहर भारी अव्यवस्था देखने को मिली। टिकट होने के बावजूद कई दर्शकों को एंट्री नहीं मिली, जिसके बाद भीड़ बेकाबू हो गई और कुछ लोग दीवार कूदकर या गेट तोड़कर स्टेडियम में घुस गए। गेट नंबर-2 पर भी भारी हंगामा हुआ। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों द्वारा भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की गई, वहीं मीडिया को वीडियो बनाने से रोका गया। घटना के बाद स्टेडियम की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर सवाल खड़े हो गए हैं।

आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे, रायपुर में कल वॉकाथॉन का आयोजन
रायपुर। आकाशवाणी के 90 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आकाशवाणी रायपुर द्वारा 15 मई को वॉकाथॉन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 7 बजे आकाशवाणी केंद्र, सिविल लाइंस से शुरू होगा। इस वॉकाथॉन में अधिकारी-कर्मचारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी, उद्घोषक, समाचार वाचक, श्रोता और शहर के नागरिक शामिल होंगे।

उपमहानिदेशक (अभियांत्रिकी) एवं क्लस्टर प्रमुख वी. राजेश्वर ने बताया कि आकाशवाणी ने पिछले 90 वर्षों से सूचना, शिक्षा और मनोरंजन के माध्यम से लोक सेवा प्रसारक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close