BJP MP wife Got Tonsure : BJP सांसद की पत्नी ने अर्पित किए अपने बाल, कराया मुंडन, पति के चुनाव जीतने पर मांगी थी मन्नत
BJP MP wife Got Tonsure : पहली बार सांसदी का चुनाव जीतने वाले विवेक बंटी साहू की पत्नी शालिनी साहू ने मुंडन कराया है।
BJP MP wife Got Tonsure : मध्यप्रदेश की सियासत से जुड़ी हैरान करने वाली खबर है। छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से पहली बार सांसदी का चुनाव जीतने वाले विवेक बंटी साहू की पत्नी शालिनी साहू ने मुंडन कराया है। BJP सांसद की पत्नी ने पति की जीत की मन्नत पूरी होने पर अपने सिर के बालों का त्याग किया है। मंगलवार को शालिनी ने छिंदवाड़ा से जामसांवली हनुमान मंदिर तक पदयात्रा की और भगवान बालाजी को अपने बाल अर्पित किए।
जामसांवली हनुमान मंदिर तक पदयात्रा भी की
हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव से पहले विवेक बंटी साहू की पत्नी शालिनी साहू ने मन्नत मांगी थी कि पति की जीत के बाद तिरुपति बालाजी जाकर मुंडन कराएंगी। पत्नी शालिनी मंगलवार को अपने बेटे के साथ तिरुपति बालाजी पहुंचीं। मुंडन कराया और भगवान बालाजी को बाल अर्पित किए। शालिनी ने जीत की कामना को लेकर छिंदवाड़ा से जामसांवली हनुमान मंदिर तक पदयात्रा भी की थी।
पहली बार सांसद बने बंटी साहू
लोकसभा चुनाव में भाजपा ने छिंदवाड़ा सीट से विवेक बंटी साहू को उम्मीदवार बनाया था। 4 जून को आए नतीजों में बंटी साहू ने कमलनाथ के बेटे और कांग्रेस उम्मीदवार नकुलनाथ को एक लाख से ज्यादा वोटों से हराया। चुनाव के दौरान शालिनी साहू ने भी महिलाओं के साथ प्रचार किया था। बता दें कि पहली बार बंटी साहू छिंदवाड़ा से सांसद बने हैं।
2019 में नकुलनाथ ने बंटी को हराया था
नौ बार सांसद रहने के बाद कमलनाथ ने पहली बार 2019 में अपने बेटे नकुलनाथ को छिंदवाड़ा से लोकसभा का चुनाव लड़ाया था। नकुल ने 2019 के चुनाव में भाजपा के विवेक बंटी साहू को शिकस्त दी थी। लेकिन 2024 के चुनाव में बाजी पलट गई। कमलनाथ का गढ़ कहे जाने वाली छिंदवाड़ा सीट से बीजेपी के बंटी विवेक साहू ने कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ को हराकर सबको चौंका दिया। बंटी ने नकुलनाथ को हराकर इतिहास रच दिया।
बंटी की सास ने भी मांगी थी मन्नत
पत्नी शालिनी पति की जीत की मन्नत पूरी होने पर अपने बालों का त्याग किया। बंटी विवेक साहू की सास यानी शालिनी साहू की मां ने भी अपने दामाद के लिए मनोकामना मांगी थी। चुनाव में जीत के तुरंत बाद विवेक बंटी की सास भी हनुमान मंदिर तक दंडवत प्रणाम करते पहुंची थीं।




