Anurag Jain New Chief Secretary : अनुराग जैन को मिली एमपी मुख्य सचिव की कमान, वीरा राणा का कार्यकाल खत्म
Anurag Jain New Chief Secretary : सड़क परिवहन विभाग के सचिव अनुराग जैन को एमपी मुख्य सचिव के पद के लिए नियुक्त किया गया है।

Anurag Jain New Chief Secretary : भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव का चयन हो गया है। 1989 बैच के IAS अधिकारी और वर्तमान में सड़क परिवहन विभाग के सचिव अनुराग जैन को एमपी मुख्य सचिव के पद के लिए नियुक्त किया गया है। आज सामान्य प्रशासन विभाग से आदेश जारी होंगे।
बता दें कि आज वीरा राणा का एक्सटेंशन खत्म हो रहा है। वीरा राणा के मुख्य सचिव बनने के वक्त भी अनुराग जैन सीएस की रेस में शामिल थे। जैन सीएम डॉ मोहन यादव की पसंद भी हैं। अनुराग जैन 30 मई 2020 से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। जैन के साथ सीएस की रेस में राजेश राजौरा का भी नाम शामिल था।
10 साल पहले पीएमओ में संयुक्त सचिव रहे अनुराग जैन को मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में सबसे अहम मंत्रालय रोड, ट्रांसपोर्ट एंड हाईवे की कमान दी गई है। जैन मप्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के दो बार सचिव रह चुके हैं। वे भोपाल के कलेक्टर भी रहे हैं। जैन वित्त प्रबंधन के अच्छे जानकार माने जाते हैं।
यही वजह है कि 2019 में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटने के बाद कमलनाथ सरकार ने उन्हें वित्त विभाग की जिम्मेदारी सौंपी थी। लेकिन मई 2020 में वे फिर से प्रतिनियुक्ति पर केंद्र चले गए। अनुराग जैन ने दिसंबर 2013 से फरवरी 2014 तक भारतीय निर्यात-आयात बैंक के कार्यवाहक अध्यक्ष और कार्यवाहक प्रबंध निदेशक के रूप में भी काम किया है।
अनुराग जैन की मध्यप्रदेश में पब्लिक सर्विसेज डिलीवरी एक्ट को लागू कराने में अहम भूमिका रही है। पीएम गति शक्ति मास्टर प्लान में भी उनका अहम रोल रहा।




