September 12, 2026 |

BREAKING NEWS

देशब्रेकिंगविदेश

PM मोदी को उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान, भारत-उज्बेकिस्तान संबंधों को ‘कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप’ का दर्जा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो दिवसीय उज्बेकिस्तान यात्रा के दौरान भारत और उज्बेकिस्तान के संबंधों को नई मजबूती मिली। राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने एक विशेष समारोह में पीएम मोदी को उज्बेकिस्तान के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

ताशकंद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो दिवसीय उज्बेकिस्तान यात्रा के दौरान भारत और उज्बेकिस्तान के संबंधों को नई मजबूती मिली। राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने एक विशेष समारोह में पीएम मोदी को उज्बेकिस्तान के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने ताशकंद में प्रतिनिधिमंडल स्तर की द्विपक्षीय वार्ता की, जिसमें आर्थिक सहयोग, तकनीक, ऊर्जा, कारोबार और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई।

कई अहम फैसलों पर बनी सहमति

द्विपक्षीय वार्ता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं और इस दिशा में दोनों पक्षों की टीमें भी एकमत हैं। उन्होंने बताया कि आपसी सहयोग के सभी पहलुओं को दिशा देने के लिए विदेश मंत्री स्तर की कोऑर्डिनेशन काउंसिल बनाई जाएगी। साथ ही, दोनों देशों के ज्वाइंट कमीशन को सचिव स्तर से बढ़ाकर मंत्री स्तर पर ले जाने का फैसला किया गया है।

बिजनेस समिट का होगा आयोजन

पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देश मिलकर एक बिजनेस समिट का आयोजन करेंगे, जिसमें दोनों देशों के बिजनेस लीडर्स हिस्सा लेंगे। इसके अलावा यूरेनियम की आपूर्ति के लिए दीर्घकालिक व्यवस्था बनाने पर भी काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच तीन सिस्टर-सिटी और सिस्टर-स्टेट व्यवस्थाएं की जा रही हैं, जिनकी क्षमता को पूरी तरह विकसित करने के लिए एक रोडमैप तैयार किया जाना चाहिए।

‘न्यू ताशकंद’ और GIFT सिटी का जिक्र

प्रधानमंत्री मोदी ने उज्बेकिस्तान के ‘न्यू ताशकंद’ जैसे मेगा प्रोजेक्ट का जिक्र करते हुए भारत की GIFT सिटी का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि भारत को खुशी होगी अगर उज्बेकिस्तान से कोई प्रतिनिधिमंडल गुजरात की GIFT सिटी का दौरा कर वहां तकनीक के इस्तेमाल और विकास मॉडल का अध्ययन करे।

मिर्जियोयेव ने की भारत की प्रगति की तारीफ

उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रगति की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत आर्थिक विकास की उच्च दर बनाए रखते हुए बड़े प्रोजेक्ट्स को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। डिजिटलाइजेशन, सूचना प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अंतरिक्ष अन्वेषण समेत कई क्षेत्रों में भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है।

मिर्जियोयेव ने कहा कि वैश्विक मामलों में भारत की आवाज और प्रभाव लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि उज्बेकिस्तान भारत का करीबी दोस्त होने के नाते इन उपलब्धियों को देखकर बेहद खुश है।

दो दिवसीय दौरे पर उज्बेकिस्तान पहुंचे थे पीएम मोदी

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर उज्बेकिस्तान पहुंचे थे, जहां ताशकंद में उनका भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता कर दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा की। इस यात्रा के दौरान भारत और उज्बेकिस्तान ने अपने संबंधों को ‘कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप’ की दिशा में आगे बढ़ाने की घोषणा भी की।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close