September 11, 2026 |

BREAKING NEWS

क्राइमब्रेकिंगमध्यप्रदेश

सागर जहरीली शराबकांड का मुख्य आरोपी रवि लखेरा गिरफ्तार, शॉर्ट एनकाउंटर में पैर में लगी गोली

मामले के मुख्य सूत्रधार और अंतरराज्यीय शराब तस्कर रवि लखेरा को पुलिस ने बरायठा के जंगलों से गिरफ्तार कर लिया है।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

भोपाल। मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा के चर्चित जहरीली शराबकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य सूत्रधार और अंतरराज्यीय शराब तस्कर रवि लखेरा को पुलिस ने बरायठा के जंगलों से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घेराबंदी के दौरान भागने की कोशिश की, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

बरायठा के जंगलों में छिपे होने की मिली थी सूचना

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जहरीली शराबकांड का आरोपी रवि लखेरा बरायठा क्षेत्र के जंगलों में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हनुमान टोंग मंदिर के आसपास के इलाके में घेराबंदी की।

पुलिस के अनुसार, घेराबंदी देखकर आरोपी ने पुलिस दल पर हमला करते हुए मौके से भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा और आरोपी को पकड़ने के लिए जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान गोली लगने से रवि लखेरा घायल हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

जहरीली शराबकांड में मास्टरमाइंड होने का आरोप

रवि लखेरा पर बंडा क्षेत्र में हुए जहरीली शराबकांड का मुख्य सूत्रधार होने का आरोप है। इस मामले में 35 से अधिक मौतों की बात सामने आई है, जबकि 16 से अधिक मौतों की आधिकारिक पुष्टि बताई गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके जरिए अवैध शराब के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पूछताछ में शराब की सप्लाई, अवैध निर्माण और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।

अंतरराज्यीय शराब तस्करी का नेटवर्क

पुलिस के मुताबिक रवि लखेरा मूल रूप से छतरपुर जिले के महोबा का रहने वाला है और हाल के समय में उत्तर प्रदेश के ललितपुर स्थित गंगापुरम कॉलोनी में रह रहा था। उसे कुख्यात अंतरराज्यीय शराब तस्कर बताया जा रहा है। वर्ष 2025 में सागर के बहेरिया थाना क्षेत्र में आबकारी एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में भी वह फरार चल रहा था। इसके अलावा कुछ महीने पहले ललितपुर पुलिस ने उसे अवैध शराब फैक्ट्री के साथ गिरफ्तार किया था।

पुलिस खंगाल रही पूरे नेटवर्क की कड़ियां

रवि लखेरा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उसके संपर्क में रहे लोगों और अवैध शराब के नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जहरीली शराब की सप्लाई में कौन-कौन लोग शामिल थे और इसे किन इलाकों तक पहुंचाया जाता था। बंडा के जहरीली शराबकांड के बाद से ही पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को इस मामले की जांच में अहम कड़ी माना जा रहा है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close