July 30, 2026 |

BREAKING NEWS

देशब्रेकिंग

Aaj Ka Musam: देशभर में मानसून का कहर: मुंबई में रेड अलर्ट, बारिश से एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित; दिल्ली समेत कई राज्यों में अलर्ट जारी

Weather Update Today: देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। रविवार को कई राज्यों में भारी बारिश दर्ज की गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

Weather Update Today: नई दिल्ली। देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। रविवार को कई राज्यों में भारी बारिश दर्ज की गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। सबसे अधिक असर मुंबई में देखने को मिला, जहां मूसलाधार बारिश के चलते छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर करीब एक घंटे तक विमान परिचालन बाधित रहा। वहीं दिल्ली, झारखंड, ओडिशा और केरल समेत कई राज्यों में मौसम विभाग ने बारिश और खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है।

मुंबई में रेड अलर्ट, उड़ानों पर असर

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी रखते हुए कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है। रविवार सुबह तेज बारिश, 42 नॉट तक की रफ्तार वाली हवाओं और कम दृश्यता के कारण एयरपोर्ट पर रनवे संचालन प्रभावित हुआ। इसके चलते कई उड़ानों के प्रस्थान में औसतन 75 मिनट और आगमन में करीब 28 मिनट की देरी हुई। मौसम में सुधार के बाद करीब एक घंटे के भीतर विमान परिचालन सामान्य कर दिया गया। पिछले 24 घंटों में मुंबई के कई इलाकों में 200 से 300 मिमी तक बारिश दर्ज की गई।

दिल्ली में बारिश से मिली राहत

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में रविवार को हुई मध्यम बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर तक छतरपुर में 49 मिमी, गुरुग्राम में 35 मिमी, महरौली में 18 मिमी, ग्रेटर नोएडा में 17 मिमी, नजफगढ़ में 8 मिमी और जनकपुरी में 7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। विभाग ने दिनभर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

झारखंड में येलो अलर्ट

झारखंड में आईएमडी ने 6 से 9 जुलाई तक सभी 24 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। सोमवार को गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और रांची सहित कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

केरल में भूस्खलन का खतरा

केरल में लगातार हो रही भारी बारिश के मद्देनजर कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। 7 जुलाई के लिए कोझिकोड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भूस्खलन, मिट्टी धंसने और अचानक बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां और तेज होने की संभावना जताई है तथा लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी आधिकारिक सलाह का पालन करने की अपील की है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close