इंदौर की Sayaji Hotel में खाद्य सुरक्षा जांच से खुली पोल! 66 किलो नॉनवेज बिना पैकिंग डेट, चूहे-कॉकरोच भी मिले
शहर के प्रतिष्ठित Sayaji Hotel में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के दौरान भोजन के रखरखाव, साफ-सफाई, स्टोरेज और लाइसेंस से जुड़ी कई खामियां सामने आई हैं।

इंदौर। शहर के प्रतिष्ठित Sayaji Hotel में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के दौरान भोजन के रखरखाव, साफ-सफाई, स्टोरेज और लाइसेंस से जुड़ी कई खामियां सामने आई हैं। जांच में एक ही कोल्ड स्टोरेज में वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री रखी मिली। वहीं करीब 66 किलो नॉनवेज पर पैकिंग की तारीख दर्ज नहीं थी। स्टोर में सड़े हुए आलू-टमाटर और फंगस लगी मूंगफली के साथ चूहे और कॉकरोच पाए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
नॉनवेज स्टोरेज में नियमों की अनदेखी
जांच के दौरान नॉनवेज खाद्य सामग्री निर्धारित तापमान पर नहीं रखी मिली। सी-फूड, चिकन और मटन के स्टोरेज में भी जरूरी अलगाव नहीं पाया गया। अधिकारियों की जांच में यह बात भी सामने आई कि होटल के मौजूदा लाइसेंस में नॉनवेज गतिविधि शामिल नहीं है, इसके बावजूद परिसर में खुला नॉनवेज रखा हुआ मिला।
खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और लेबलिंग पर सवाल
स्टोर में रखे आलू और टमाटर खराब हालत में मिले, जबकि मूंगफली में फंगस पाई गई। पैक्ड कुल्फी पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट के साथ बैच नंबर दर्ज नहीं था। कुछ अन्य उत्पादों पर भी जरूरी लेबलिंग नहीं मिली।
व्हिप टॉपिंग के कुछ टेट्रा पैक लीक पाए गए। वहीं ग्रेवी को सामान्य तापमान पर रखा गया था और उबले आलू पर एक्सपायरी डेट की टैगिंग में भी खामी सामने आई। स्टोर में फ्रोजन डेजर्ट होने के बावजूद मेन्यू में उसे आइसक्रीम के रूप में दर्ज किए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।
स्टोर में चूहे-कॉकरोच, जंग और दरारें मिलीं
खाद्य सामग्री रखने और तैयार करने वाले स्थान की साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं मिली। परिसर में चूहे और कॉकरोच पाए गए, जबकि कुछ जगहों पर चूहों की बीट भी मिली। खाना तैयार करने वाले प्लेटफॉर्म और नॉनवेज स्टोरेज के कुछ हिस्सों में जंग लगी हुई थी। ड्राई स्टोरेज के फर्श और दीवारों में दरारें भी मिलीं।
कई खाद्य पदार्थ पैलेट के बजाय सीधे फर्श पर रखे गए थे और कुछ सामग्री दीवार से सटाकर रखी गई थी। पैलेट के नीचे सफाई की कमी के साथ गीले और सूखे कचरे को अलग रखने की व्यवस्था भी ठीक नहीं पाई गई।
लाइसेंस में दर्ज गतिविधियों से अलग मिला संचालन
जांच के दौरान होटल के लाइसेंस और वहां संचालित खाद्य गतिविधियों के बीच अंतर भी सामने आया। लाइसेंस में नॉनवेज शामिल नहीं होने के बावजूद होटल में नॉनवेज रखा जा रहा था। इसके अलावा होटल में इन-हाउस बेकरी और मिठाइयां तैयार करने की व्यवस्था भी मिली, जबकि बेकरी और स्वीट्स से जुड़ी गतिविधियां लाइसेंस में दर्ज नहीं बताई गई हैं।
होटल की फाइव स्टार श्रेणी को देखते हुए सेंट्रल लाइसेंस की आवश्यकता और उसकी उपलब्धता को लेकर भी सवाल सामने आए हैं। Sayaji की ब्रांडिंग वाले शुगर पाउच की लेबलिंग से संबंधित लाइसेंस भी जांच के दायरे में रहा। इसके अलावा इस्तेमाल किए जा चुके तेल को सीधे ड्रेनेज में डाले जाने की बात भी सामने आई है।
अधिकारियों ने लिए खाद्य पदार्थों के सैंपल
जांच के बाद अधिकारियों ने पनीर, पैक्ड पनीर, कच्चे नॉनवेज, सौंफ और ड्राई फ्रूट्स समेत अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं। अब इन नमूनों की रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी और जांच में सामने आई अन्य कमियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




