July 31, 2026 |

BREAKING NEWS

देशब्रेकिंग

अभिषेक बनर्जी के घर की खिड़कियां तोड़ीं, CCTV वायरल; बोले- बंगाल में अपराधियों के हौसले बुलंद

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद और राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास पर अज्ञात युवक ने कथित रूप से पथराव कर दिया।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति के बीच मंगलवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद और राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास पर अज्ञात युवक ने कथित रूप से पथराव कर दिया। घटना में घर की पहली मंजिल की खिड़कियों के शीशे टूट गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज खुद अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गंभीर आरोप लगाए और राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए।

सीसीटीवी फुटेज में एक युवक हरे रंग की शर्ट, जींस और हेलमेट पहने बाइक से घर के बाहर पहुंचता दिखाई देता है। वह बाइक रोककर उतरता है और घर की पहली मंजिल की ओर दो बार बड़ा पत्थर फेंकता है। इसके बाद वह आराम से बाइक पर सवार होकर मौके से निकल जाता है।

घटना के बाद अभिषेक बनर्जी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह केवल कानून-व्यवस्था का मामला नहीं, बल्कि हिंसा के संस्थागत रूप लेने का संकेत है। उन्होंने लिखा कि सुबह एक व्यक्ति उनके परिवार के घर के बाहर आया, बाइक रोकी और बार-बार बड़ा पत्थर फेंककर पहली मंजिल की खिड़कियां तोड़ दीं।

उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूछा कि घटना के समय पुलिस कहां थी और किसके संरक्षण में हमलावर इतनी आसानी से हमला कर बिना किसी कार्रवाई के फरार हो गया। अभिषेक ने आरोप लगाया कि राज्य में ऐसा माहौल बन गया है, जहां अपराधी बिना किसी डर के वारदात को अंजाम देते हैं क्योंकि उन्हें राजनीतिक संरक्षण मिलने का भरोसा रहता है।

अपने पोस्ट में उन्होंने हाल ही में पारित वेस्ट बंगाल पब्लिक सेफ्टी एंड कंट्रोल ऑफ एंटी सोशल एक्टिविटीज बिल, 2026 का भी जिक्र करते हुए सवाल किया कि क्या यह कानून भाजपा समर्थित अपराधियों पर भी समान रूप से लागू होगा।

फिलहाल घटना को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close