July 30, 2026 |

BREAKING NEWS

देशप्रदेशब्रेकिंग

ऑपरेशन आघात की बड़ी सफलता: 300 किलो गांजा जब्त, 3 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

CG Raigarh News: रायगढ़। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लैलूंगा पुलिस ने ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही करीब 300 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त करते हुए तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान गांजा, दो लग्जरी वाहन और मोबाइल फोन सहित लगभग 1 करोड़ 86 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

गुप्त सूचना पर की गई नाकेबंदी

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को सूचना मिली थी कि ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र से दो वाहनों में भारी मात्रा में गांजा भरकर मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले भेजा जा रहा है। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी और एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के निर्देशन में लैलूंगा पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर सघन नाकेबंदी शुरू कर दी।

दोहरी नंबर प्लेट वाली इनोवा से बढ़ा शक

कटकलिया मार्ग पर पुलिस ने एक इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोककर जांच की। जांच के दौरान इनोवा में ओडिशा और छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों की नंबर प्लेट लगी मिली, जिससे पुलिस का संदेह गहरा गया। तलाशी लेने पर दोनों वाहनों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

300 किलो गांजा और लग्जरी वाहन जब्त

पुलिस ने दोनों वाहनों से लगभग 300 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी बाजार कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही इनोवा क्रिस्टा, मारुति सुजुकी एक्सएल-6 और 5 मोबाइल फोन (जिनमें 2 आईफोन शामिल हैं) भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री का कुल मूल्य करीब 1.86 करोड़ रुपये बताया गया है।

अनूपपुर तक फैले नेटवर्क की जांच

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजा की खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में उनके सहयोगियों तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपी

  • निखिल कश्यप (23 वर्ष), निवासी रामानुजगंज, जिला बलरामपुर
  • रिंकु कश्यप (28 वर्ष), निवासी चिरगापारा, थाना दरिमा, जिला सरगुजा
  • धर्मेन्द्र कुमार मौर्य (27 वर्ष), निवासी हराटोला, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश)

फरार तस्करों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों और पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए विशेष टीमों को सरगुजा और अनूपपुर रवाना किया गया है। रायगढ़ पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close