September 15, 2026 |

BREAKING NEWS

देश

लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में भगदड़, 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत; 14 घायल, करंट की अफवाह से मची अफरा-तफरी

Bihar News: बिहार के लखीसराय स्थित ऐतिहासिक अशोक धाम (इन्द्र दमनेश्वर महादेव मंदिर) में सावन के तीसरे सोमवार को बड़ा हादसा हो गया।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

लखीसराय। बिहार के लखीसराय स्थित ऐतिहासिक अशोक धाम (इन्द्र दमनेश्वर महादेव मंदिर) में सावन के तीसरे सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। मंदिर में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान बिजली के पोल में करंट फैलने की अफवाह के बाद अचानक भगदड़ मच गई। हादसे में 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सुबह करीब 6:45 बजे मची भगदड़

बताया जा रहा है कि हादसा सोमवार सुबह करीब 6:45 बजे हुआ। उस समय मंदिर में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी थी। इसी दौरान बिजली के पोल में करंट आने की अफवाह तेजी से फैल गई। अफवाह के बाद श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई और लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। अचानक हुई इस अफरा-तफरी में कई श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिर गए। इससे मौके पर गंभीर स्थिति बन गई और कई लोग इसकी चपेट में आ गए।

ट्रेन आने के बाद शुरू हुई अफरा-तफरी

जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और एडीएम नीरज कुमार के अनुसार, अशोक धाम हाल्ट पर एक ही समय में दोनों तरफ से ट्रेनें आने के बाद कुछ युवकों में अचानक भाग-दौड़ शुरू हुई। इसी दौरान बिजली का एक पोल नीचे गिर गया।

पोल गिरने के बाद मौके पर करंट फैलने की अफवाह फैल गई। प्रशासन के मुताबिक उस समय बिजली आपूर्ति बंद थी और बिजली के तार भी कवर किए गए थे। हालांकि अफवाह के कारण श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई और भगदड़ की स्थिति बन गई।

7 महिला श्रद्धालुओं की मौत

हादसे में अब तक 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत की जानकारी सामने आई है। वहीं 14 लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं।घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अशोक धाम की घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृत श्रद्धालुओं के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित और त्वरित उपचार के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना बेहद दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने दिवंगत श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

उच्चस्तरीय जांच के आदेश

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रशासन ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच के बाद ही हादसे की पूरी वजह और भगदड़ के दौरान हुई व्यवस्थागत चूक की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

आस्था का बड़ा केंद्र है अशोक धाम

लखीसराय जिला मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित अशोक धाम मंदिर क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल है। यहां विशाल शिवलिंग और भव्य मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। बताया जाता है कि वर्ष 1977 में यहां पालकालीन विशाल शिवलिंग मिला था। इसके बाद से यह स्थान बड़ी आस्था का केंद्र बन गया और सावन के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक और दर्शन के लिए पहुंचते हैं।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close