July 30, 2026 |

BREAKING NEWS

ब्रेकिंगमध्यप्रदेश

नरसिंहपुर: हाथीनाला वॉटरफॉल से लौट रहे 6 दोस्तों को हाईवा ने कुचला, सभी की मौत, सेल्फी लेते समय हुआ दर्दनाक हादसा

Narsinghpur Accident News: नरसिंहपुर में NH-45 पर तेज रफ्तार हाईवा बना काल, 4 युवकों की मौके पर मौत, 2 ने अस्पताल में तोड़ा दम; चालक वाहन समेत फरार

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

Narsinghpur Accident News: नरसिंहपुर। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में छह दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे-45 पर उस समय हुआ, जब सभी युवक हाथीनाला वॉटरफॉल से पिकनिक मनाकर लौट रहे थे और रास्ते में हाईवे किनारे रुककर सेल्फी ले रहे थे। तभी तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने देर रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान राजेंद्र पटेल, वीरेंद्र लोधी (20), रामपाल सिंह लोधी (21), जयपाल सिंह लोधी (30), आकाश सिंह लोधी (24) और नीरज सिंह लोधी (25) के रूप में हुई है। सभी जबलपुर जिले के पावला गांव के निवासी बताए गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही दोनों जिलों में शोक की लहर फैल गई।

सेल्फी लेते समय हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार सभी दोस्त नरसिंहपुर-जबलपुर सीमा पर स्थित प्रसिद्ध हाथीनाला वॉटरफॉल घूमने गए थे। लौटते समय शाम करीब 6 बजे वे इंदिरा नगर के पास हाईवे किनारे रुक गए और यादगार तस्वीरें लेने लगे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक हाईवा ने नियंत्रण खोते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो युवकों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

सड़क से दूर खड़े थे युवक

प्रत्यक्षदर्शी अरविंद पटेल ने बताया कि तेज रफ्तार वाहन कुछ ही सेकंड में सड़क किनारे खड़े युवकों को टक्कर मारकर निकल गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े।

वहीं स्थानीय दुकानदार दीपक पटेल ने बताया कि युवक सड़क से लगभग दो फीट की दूरी पर खड़े होकर फोटो और सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

चालक वाहन सहित फरार, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने बताया कि हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सुआतला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

परिजनों में मातम, इलाके में शोक

एक साथ छह युवकों की मौत से जबलपुर और नरसिंहपुर क्षेत्र में शोक की लहर है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल और घटनास्थल पहुंच गए। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close