MP News: दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की बड़ी भविष्यवाणी, जीतू पटवारी बोले- 25 हजार वोटों से जीतेंगे हमारे प्रत्याशी

MP Latest News: भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बार दतिया सीट पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी और पार्टी का प्रत्याशी कम से कम 25 हजार वोटों के अंतर से चुनाव जीतेगा। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र की जनता बदलाव के पक्ष में है और इस बार कांग्रेस को भारी जनसमर्थन मिलेगा।
‘रिवेंज पॉलिटिक्स’ का लगाया आरोप
जीतू पटवारी ने पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि दतिया में लंबे समय से बदले की राजनीति की गई, जिससे आम लोग परेशान रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बार जनता ऐसी राजनीति को समाप्त करने का मन बना चुकी है। पटवारी ने कहा कि दतिया की जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।
भाजपा में अंदरूनी कलह का दावा
पटवारी ने भाजपा के अंदर चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नरोत्तम मिश्रा से जुड़े घटनाक्रम भाजपा का आंतरिक मामला है, लेकिन इसमें मुख्यमंत्री की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के भीतर नेताओं के बीच विश्वास की कमी है और पार्टी अंदरूनी असंतोष से जूझ रही है।
‘प्रदेश में बदलाव की लहर’ का दावा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता अब परिवर्तन चाहती है। उनका दावा है कि यदि भाजपा के पूर्व मंत्री दोबारा चुनाव मैदान में उतरते तो उन्हें पिछली बार से भी अधिक अंतर से हार का सामना करना पड़ता। उन्होंने कहा कि दतिया इस बदलाव की शुरुआत करेगा।
जनता से न्याय के पक्ष में मतदान की अपील
दतिया को मां पीतांबरा की पावन भूमि बताते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि जनता इस बार न्याय और विकास के पक्ष में फैसला करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा और दतिया उपचुनाव प्रदेश की राजनीति में बदलाव का संदेश देगा।




