April 20, 2026 |

BREAKING NEWS

ब्रेकिंगविदेश

Lebanon Vs Israel : लेबनान और इजरायल के बीच किस बात को लेकर जंग छिड़ी है? जानें क्या है पूरा माजरा

Lebanon and Israel war : इजरायल ने एक ही दिन में हमास के मुखिया इस्माइल हानिया और हिजबुल्लाह के टॉप कमांडर फउद शुकर को मार गिराया है।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

Lebanon and Israel war : अक्टूबर 2023 में जब हमास ने इजरायल की सीमा में घुसकर 1000 से ज्यादा आम लोगों का नरसंहार किया, तभी पूरी दुनिया को पता था कि इजरायल इसका बड़ बदला लेगा। पहले इजरायल ने गाजा पट्टी में भीषण हमला किया। ऐसा करते ही लेबनान का आतंकी समूह हिजबुल्लाह ने भी इजरायल पर हमले शुरू कर दिए। हालांकि, बुधवार को इजरायल ने कुछ ऐसा कर दिया जिससे पूरी दुनिया हैरान हो गई है। इजरायल ने एक ही दिन में हमास के मुखिया इस्माइल हानिया और हिजबुल्लाह के टॉप कमांडर फउद शुकर को मार गिराया है। लेकिन इजरायल और लेबनान के सशस्त्र संगठन हिजबुल्लाह के बीच जंग क्यों होती है। दोनों के बीच दुश्मनी का इतिहास क्या है? आखिर आइए जानते हैं इन सभी सवालों के जवाब हमारे इस एक्स्प्लेनर में।

क्यों भिड़ गए इजरायल और लेबनान?

इजरायल और हमास के बीच जारी जंग की शुरुआत से ही हिजबुल्लाह इजरायल पर सीमा के पास छिटपुट स्तर पर हमले कर रहा है। इजरायल भी इसका जवाब दे रहा है। हिजबुल्लाह का कहना है कि इजरायल पर हमले करने के पीछे का उसका मकसद फिलिस्तीनियों का समर्थन करने का है। लेकिन हाल ही में इजरायल के कब्जे वाले गोलन हाइट्स पर एक रॉकेट हमला हुआ। इस अटैक में 12 इजराइली बच्चे मारे गए थे। इजरायल ने इसका आरोप हिजबुल्लाह पर लगाया। अब बुधवार को इजरायल ने लेबनान की राजधानी बेरूत पर कई हवाई हमले किए और हिजबुल्लाह के टॉप कमांडर फौद शुकुर को मार गिराया है।

क्या है इजरायल और लेबनान का इतिहास?

लेबनॉन को साल 1943 में फ्रांस से आजादी मिली थी। इसके बाद साल 1948 में इजरायल का गठन हुआ। शुरू से ही लेबनान ने आजादी के प्रमुख नेता रियाद अल-सोलह और बेचारा अल-खौरी की नीतियों पर  इजरायल के बजाए अरब देशों से ज्यादा करीबी रखी। बता दें कि 1950 के करीब लेबनान में 50 फीसदी से ज्यादा आबादी ईसाइयों की थी।

क्या है लेबनान का हिजबुल्लाह संगठन?

हिजबुल्लाह की स्थापना साल 1982 में ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स द्वारा इजरायली सेना से लड़ने के लिए की गई थी। इसके लड़ाकों को ट्रेनिंग और फंडिंग ईरान ही करता है। वर्तमान में हिजबुल्लाह अपने पास करीब 1 लाख लड़ाके होने का दावा करता है। हालांकि, कई रिपोर्ट्स बताती हैं कि उसके पास 50 हजार के करीब लड़ाके हैं। हिजबुल्लाह के पास में बड़ी संख्या में छोटी और इजरायल के अंदर तक मार करने वाली मिसाइलों का जखीरा है।

 

लेबनान और इजरायल ने कब-कब लड़े युद्ध?

  • 1948: छोटी सेना होने के बाद भी लेबनान ने अरब देशों के साथ मिलकर इजरायल के खिलाफ जंग छेड़ दी। इजरायल ने सभी देशों को हराया और लेबनान के दक्षिणी भाग पर अस्थायी कब्जा कर लिया।
  • 1965: इस साल फतह आंदोलन शुरू हुआ। इसके लड़ाकों ने सीमा पर तैनात इजरायली पोजिशन पर छोटे हमले शुरू किए।
  • 1967: अरब देशों ने फिर से इजरायल पर हमला किया, लेबनान की कुछ सेना ने भी युद्ध में भाग लिया। लेकिन हार गए। हजारों की संख्या में फिलिस्तीनी शरणार्थी लेबनान में घुस गए।
  • 1973: 9 अप्रैल की रात से 10 अप्रैल की सुबह तक इजरायल के सैनिक लेबनानी समुद्र तटों पर उतरे और PLO  के कई नेताओं को मार दिया।
  • 1978: लेबनान से फ़िलिस्तीनी लड़ाकों ने सीमा पार हमले किए जिसके जवाब में इजरायल ने लेबनान पर हमला कर दिया। UN ने इस हमले के खिलाफ प्रस्ताव पास किया।
  • 1982: 6 जून को इजरायल ने PLO के हमले को रोकने के लिए एक बार फिर लेबनान पर हमला किया। 1 सितंबर को शांति सेना की देखरेख में PLO को लेबनान छोड़ना पड़ा। इसके बाद क्षेत्र में हिजहुल्लाह का उदय हुआ।
  • 1985: इजरायल ने दक्षिण लेबनान में लितानी नदी से अपनी सेना हटा ली और एक सुरक्षा क्षेत्र का निर्माण किया। इस जगह पर इजरायल का कब्जा साल 2000 तक रहा। इसी दौर में हिजबुल्ला ताकतवर होता रहा।
  • 1993: हिजबुल्लाह द्वारा करीब 5  इजरायली सैनिकों को मारा गया। इसके बाद इजरायल ने फिर से ऑपरेशन शुरू किया। 7 दिनों तक चली इस जंग में दोनों ओर से सैकड़ों लोगों की मौते हुई।
  • 1996: सीमा पर हो रहे हमलों के जवाब में इजरायल ने लेबनान पर गोले और हवाई हमलों से बमबारी की।
  • 2000: इजरायल ने ऐलान किया कि वह अपनी सेना को UN द्वारा बनाए गए ब्लू लाइन से पीछे ले जाएगा। इसे हिजबुल्लाह ने अपनी जीत बताया।
  • 2006: हिजबुल्लाह ने इजरायल के तीन सैनिकों को मार डाला और दो को पकड़ लिया। इसके बाद फिर दोनों देशों में युद्ध छिड़ गया। ये युद्ध 34 दिनों तक चला। दोनों ओर 1000 से ज्यादा लोग मारे गए।

अभी कैसे बढ़ गया तनाव?

साल 2023 के अंत तक इजरायल और लेबनान की सीमा पर कभी-कभार हमले देखने को मिलते थे। हालांकि, 7 अक्टूबर 2023 के बाद से शुरू हुई इजरायल-हमास जंग ने मामला बिगाड़ दिया है। इजरायल और लेबनान की सीमा पर अब लगातार हमले हो रहे हैं। हाल ही में रॉकेट हमले में 12 इजरायली बच्चों की मौत ने एक बार फिर से इजरायल और लेबनान की बीच पूर्ण युद्ध का खतरा बढ़ा दिया है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close