April 17, 2026 |

BREAKING NEWS

देशब्रेकिंग

Karnataka Bus Accident: दर्दनाक सड़क हादसा.. स्लीपर बस और ट्रक की जोरदार टक्कर, 12 से ज्यादा लोग जिंदा जले

Karnataka Accident News: कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 से अधिक लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई.

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

Karnataka Accident News: बैंगलोर। कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 से अधिक लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. हिरियूर तालुका के गोरलट्टू इलाके में एक निजी स्लीपर बस और ट्रक की जोरदार टक्कर के बाद दोनों गाड़ियों में आग लग गई, जिससे बस में सवार यात्री अंदर ही फंस गए.

आधी रात को हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, यह हादसा बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात करीब 12 बजे हुआ. निजी स्लीपर बस बेंगलुरु से गोकार्णा जा रही थी, तभी रास्ते में सामने से आ रहे ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में ट्रक का भी कुछ हिस्सा जल गया और ट्रक ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई. बस में ड्राइवर और कंडक्टर सहित कुल 32 लोग सवार थे.

टक्कर के बाद बस और ट्रक में लगी आग
टक्कर के बाद आग तेजी से फैलने के कारण कई यात्री बस के अंदर फंस गए और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही डीएसपी शिवकुमार मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की. स्थानीय लोगों और दमकल विभाग की मदद से आग पर काबू पाया गया.

बस कंडक्टर ने क्या बताया?
बस कंडक्टर मोहम्मद सलीम ने कहा, ‘मैं उस समय सो रहा था अचानक आवाज आई और खिड़की का शीशा टूट गया और मैं बस से बाहर गिर गया, मुझे इतना ही याद है इसके बाद क्या हुआ मुझे पता नहीं कुछ लोग मुझे अस्पताल लेकर आ गए, मेरे हाथों और पैर में चोट लगी है.’

हादसे की जांच जारी
हादसे में घायल यात्रियों को पहले चित्रदुर्ग जिला अस्पताल ले जाया गया. इनमें से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए बेंगलुरु रेफर किया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार या लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने ट्वीट किया कि कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में हुए हादसे में जान गंवाने वालों के लिए उन्हें गहरा दुख है. उन्होंने अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है. मृतकों के परिवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये और घायल लोगों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे.


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close