June 15, 2026 |

BREAKING NEWS

देशप्रदेशब्रेकिंग

पिथौरा में चोरों के हौसले बुलंद: घर से 4 गैस सिलेंडर पार, पुलिस की निष्क्रियता पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

CG Pithora News: पिथौरा। नगर से लगे ग्राम पंचायत लहरौद की कर्मचारी कॉलोनी में लगातार हो रही चोरियों ने लोगों की नींद उड़ा दी है। हैरानी की बात यह है कि यह कॉलोनी पिथौरा थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित है, बावजूद इसके चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामले में अज्ञात चोर एक घर से चार भरे हुए गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

कर्मचारी कॉलोनी में फिर चोरी, घर से ले गए 4 गैस सिलेंडर

जानकारी के अनुसार, बीती रात कर्मचारी कॉलोनी निवासी सियाराम साहू के घर में चोरों ने धावा बोला। चोर घर के भीतर रखे चार भरे हुए गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गए। घर के अंदर से सिलेंडरों की चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।

तीन महीने में दर्जनभर चोरी की घटनाएं

स्थानीय लोगों के अनुसार कर्मचारी कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में पिछले तीन महीनों के दौरान करीब एक दर्जन चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाएं हो चुकी हैं। कुछ मामलों में चोर सफल रहे, जबकि कुछ जगह वारदात को अंजाम देने में नाकाम रहे। इसके बावजूद पुलिस अब तक एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

हाल ही में रबी अग्रवाल के घर चोरी हुई थी। वहीं बया मार्ग स्थित गीतांजलि हार्डवेयर का ताला और शटर काटकर चोरी का प्रयास किया गया था। इसी रात हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सामने स्थित एक ऑनलाइन शॉपिंग स्टोर को भी निशाना बनाने की कोशिश की गई थी।

गश्त नहीं होने से बढ़ी वारदातें

ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद क्षेत्र में पुलिस की रात्रिकालीन गश्त न के बराबर है। पुरानी चोरी के मामलों में भी पुलिस कोई ठोस सुराग नहीं जुटा पाई है। इससे चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और आम लोगों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।

थाने का घेराव करने की चेतावनी

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नाराज सरपंच जयश्री अनिल सोई और उपसरपंच रमेश सिन्हा ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की और क्षेत्र में नियमित गश्त शुरू नहीं की, तो ग्रामीण पिथौरा थाने का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

पुलिस का दावा- जल्द होंगे गिरफ्तार

मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय ने बताया कि चोरी की घटनाओं की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close