जबलपुर में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 18.682 किलो गांजा जब्त; महिला समेत 3 तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 किलो 682 ग्राम गांजा जब्त कर एक महिला समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।

जबलपुर। मध्यप्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में जबलपुर पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 किलो 682 ग्राम गांजा जब्त कर एक महिला समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई जा रही है।
क्राइम ब्रांच और गढ़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
क्राइम ब्रांच और गढ़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी कर रहे गिरोह का भंडाफोड़ किया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बड्डा दादा मैदान के पास घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास मौजूद ट्रॉली बैग और अटैची की तलाशी ली, जिसमें गांजे के 10 पैकेट बरामद हुए।
ओडिशा से लाई गई थी गांजे की खेप
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गांजे की यह खेप ओडिशा से लाई गई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी दीपू उर्फ देव रजक के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश
फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गांजे की खेप किससे खरीदी गई थी और इसे जबलपुर में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है।
लगातार दूसरे दिन गांजा तस्करी पर कार्रवाई
जबलपुर पुलिस की यह लगातार दूसरे दिन गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले गुरुवार को भी क्राइम ब्रांच और बरगी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 11 किलो 184 ग्राम गांजा जब्त किया था। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5.59 लाख रुपये बताई गई थी।




