Earthquake: बंगाल की खाड़ी में 4.5 तीव्रता का भूकंप, विशाखापत्तनम समेत आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में महसूस हुए झटके
Earthquake News: आंध्र प्रदेश के तट से लगे बंगाल की खाड़ी में रविवार तड़के 4.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया।

Earthquake News: विशाखापत्तनम। आंध्र प्रदेश के तट से लगे बंगाल की खाड़ी में रविवार तड़के 4.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप के झटके विशाखापत्तनम सहित आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में महसूस किए गए। झटके महसूस होते ही कुछ लोग एहतियात के तौर पर घरों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस भूकंप से किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
सुबह 5:05 बजे आया भूकंप
इंडियन नेशनल सेंटर फॉर ओशन इंफॉर्मेशन सर्विसेज (INCOIS) के अनुसार, भूकंप रविवार सुबह 5 बजकर 5 मिनट 46 सेकंड पर आया। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र आंध्र प्रदेश के काकीनाडा तट से लगभग 225 किलोमीटर दूर बंगाल की खाड़ी में स्थित था। इसका केंद्र पृथ्वी की सतह से 10 किलोमीटर की गहराई में था।
विशाखापत्तनम में महसूस हुए हल्के झटके
भूकंप के हल्के झटके विशाखापत्तनम शहर के कई इलाकों में महसूस किए गए। अधिकारियों के अनुसार, झटके हल्के होने के कारण किसी प्रकार की अफरा-तफरी या दहशत की स्थिति नहीं बनी। न ही किसी व्यक्ति के घायल होने, संपत्ति को नुकसान पहुंचने या अन्य किसी तरह की क्षति की सूचना मिली है।
महाराष्ट्र में भी आए थे भूकंप के झटके
इससे पहले शनिवार को महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में भी 3.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। अधिकारियों के अनुसार, भूकंप सुबह 11:26 बजे आया था और इसका केंद्र जमीन से 5 किलोमीटर की गहराई में था। इस घटना में भी किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं मिली।
वहीं, गुरुवार को महाराष्ट्र के हिंगोली, परभणी और नांदेड़ जिलों में भी भूकंप के चार झटके महसूस किए गए थे। ये झटके तड़के 1:37 बजे से 3:23 बजे के बीच आए थे, जिनकी तीव्रता 3.6 से 4.6 के बीच दर्ज की गई थी। लगातार आ रहे हल्के भूकंपों के चलते संबंधित क्षेत्रों में प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।




