Damoh News : दमोह के सेंट जॉन्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल पर कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई, अभिभावकों के पौने 7 करोड़ लौटाने के निर्देश, जानें पूरा मामला
Damoh News : दमोह के सेंट जॉन्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल पर कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई, अभिभावकों के पौने 7 करोड़ लौटाने के निर्देश, जानें पूरा मामला
दमोह। Damoh News : निजी स्कूलों द्वारा मनमानी फीस और पुस्तकों के फर्जीवाड़ा के विरुद्ध पत्रिका द्वारा चलाए गए अभियान को लगातार सफलता मिल रही है। शहर के सबसे बड़े निजी स्कूलों में शामिल सेंट जॉन्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल पर बड़ी कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने अभिभावकों को पौने सात करोड़ रुपए लौटाने के स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिया है। इतना ही नहीं स्कूल प्रबंधन पर 2 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है।
बता दें कि कलेक्टर व अध्यक्ष जिला समिति सुधीर कुमार कोचर, सदस्य सचिव व जिला समिति सदस्यों द्वारा सेंट जॉन्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल दमोह के पास सत्र 2021-22 से सत्र 2023-24 तक व्यय पर आय का आधिक्य यानि सरप्लस 15 प्रतिशत से अधिक होने के आरोप में विद्यालय द्वारा सत्र 2022-23, 2023-24 व सत्र 2024-25 में की गई फीस वृद्धि को अमान्य किया गया है।
स्कूल पर लगा जुर्माना
कलेक्टर सुधीर कोचर ने बताया कि इसके साथ ही जिला समिति द्वारा विद्यालय प्रबंधन पर 2 लाख रुपए की शास्ति भी अधिरोपित की गई है, जो 15 दिवस के भीतर आयुक्त लोक शिक्षण की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आयुक्त लोक शिक्षण को जमा करना होगी। अभी लगातार कार्रवाई चलती रहेगी। कुछ अन्य स्कूलों की भी जांच जारी है। जिन्हें पूर्व में नोटिस भी जारी किए जा चुके हैं।
इन वर्षों की अधिक फीस करनी होगी वापस
जांच में पाया गया है कि सरप्लस के बाद भी सेंट जॉन्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल द्वारा सत्र 2022-23 में 2,160 विद्यार्थियों से 1 करोड़ 95 लाख 28 हजार 600 रुपए, सत्र 2023-24 में 2,179 विद्यार्थियों से 2 करोड़ 7 लाख 16 हजार 340 रुपए व सत्र 2024-25 में 2,234 विद्यार्थियों से 2 करोड़ 23 लाख 41 हजार 350 इस प्रकार वसूली गई। कुल फीस 6 करोड़ 25 लाख 86 हजार 290 रुपए अधिक वसूली गई है। जिसे जिला समिति द्वारा 30 दिवस के भीतर विद्यार्थियों या अभिभावकों के खाते में फीस वापस किए जाने का आदेश जारी किया गया है।
सुनिए क्या कहा कलेक्टर ने..




