July 30, 2026 |

BREAKING NEWS

ब्रेकिंगमध्यप्रदेश

बरगी डैम में क्रूज हादसा, 6 की मौत, 15 से ज्यादा लापता; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

Jabalpur Bargi Dam Cruise Ship Capsizes: जबलपुर | मध्य प्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी पर स्थित बरगी डैम में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया। पर्यटकों से भरा एक क्रूज तेज आंधी के कारण पलटकर डूब गया। पुलिस के अनुसार अब तक 6 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 18 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है और 15 से अधिक लोग अभी भी लापता हैं।

जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश पर्यटन का यह क्रूज लगभग 40 से 45 यात्रियों को लेकर घूमने निकला था, तभी अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज हवाओं के चलते क्रूज अपना संतुलन खो बैठा।

बरगी सिटी सीएसपी अंजुल मिश्रा ने बताया कि हादसे के समय हवा की रफ्तार करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे थी, जो अचानक तेज आंधी में बदल गई। इससे क्रूज पलट गया। घटना के बाद तुरंत राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

अंधेरा और तेज हवाओं के कारण बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आ रही हैं, फिर भी टीम टॉर्च और अन्य संसाधनों की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घाट क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही हैं।

जीतू पटवारी ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
इस बीच, कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने हादसे पर दुख जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।

सीएम मोहन यादव ने जताया दुख
वहीं, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन, पुलिस और राहत दल बिना रुके रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं और सभी लापता लोगों को जल्द से जल्द खोजने के प्रयास जारी हैं। सरकार ने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close