Lover killed 15 month old child : मुंबई: महाराष्ट्र के मुंबई से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मां ने प्रेमी की खातिर अपनी ममता का कत्ल करवा डाला और उसके मुंह से उफ तक नहीं निकली। मां के प्रेमी ने उसके 15 महीने के बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को गटर में फेंक दिया।
हैरानी की बात तो ये है कि मां और उसके प्रेमी ने इस कांड को करने के बाद पुलिस स्टेशन में अपहरण का केस दर्ज करवा दिया। जब पुलिस ने सख्ती से इनसे पूछताछ की तब उन्होंने सच कबूला। मामला मुंबई के जोगेश्वरी इलाके का है।
क्या है पूरा मामला?
मां और उसका प्रेमी मुंबई में लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। इन लोगों ने अपने 15 महीने के बच्चे के गुमशुदा होने का केस दर्ज करवाया। पुलिस ने बताया कि इस प्रेमी जोड़े का नाम राजेश राणा (28 वर्ष) और रिंकी दास (23 साल) है, जो मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले हैं। वह 4 महीने पहले ही अपने 15 महीने के बच्चे के साथ मुंबई आए थे। ये बच्चा केवल रिंकी दास का था। ये दोनों लोग मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में रहते थे।
पुलिस के मुताबिक, एक दिन अचानक इस कपल ने पुलिस स्टेशन में अपने बच्चे के चोरी होने की कंप्लेंट दर्ज कराई। लेकिन जब पुलिस ने मामले की छानबीन की तो पता लगा कि प्रेमी ने ही बच्चे की हत्या की और उसका शव मुंबई के गटर में फेंक दिया।
पुलिस भी दंग
पुलिस ने जब जांच शुरू की तो उसे पता चला कि दोनों (राजेश और रिंकी) ने पहले किसी और से शादी की थी। अपनी पहली शादी से रिंकी को एक बेटा हुआ था, और जब उसने अपने पति को छोड़ा तो इस दौरान उसने अपने पहले बेटे को भी छोड़ दिया।
इसके बाद रिंकी के अपने अंकल के साथ संबंध बन गए और वह प्रेगनेंट हो गई। गांव की पंचायत ने यह फैसला किया कि इस अंकल को रिंकी दास से शादी करनी पड़ेगी लेकिन बच्चे को जन्म देने के बाद रिंका की मुलाकात राजेश से हुई और दोनों मुंबई भाग गए।
रिंकी का पहले से बच्चा होना, राजेश को पसंद नहीं था। इसलिए राजेश ने 15 महीने के बच्चे के चेहरे और सीने पर जोरदार घूंसा मारकर हत्या कर दी। इस दौरान रिंकी दास वहां पर मौजूद थीं। बाद में दोनों ने मिलकर पुलिस के सामने झूठा बयान दिया। जांच के दौरान पुलिस को उनकी कहानी पर शक हुआ तो उनसे सख्त पूछताछ की गई और फिर दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।




