बच्चों के पास न स्कूल की छत, न ब्लैकबोर्ड…फर्श पर लिखी वर्णमाला ही बनी एकमात्र सहारा, टीन शेड के नीचे पढ़ने को मजबूर 37 मासूम

MP News: नर्मदापुरम जिले के सिवनी मालवा तहसील के बटकी गांव से सरकारी शिक्षा व्यवस्था की एक हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई है. यहां बच्चों की पढ़ाई अब स्कूल के ब्लैकबोर्ड पर नहीं, बल्कि जमीन पर लिखी गिनती और वर्णमाला तक सिमटकर रह गई है.
दरअसल, गांव का प्राथमिक स्कूल भवन जर्जर होकर टूट चुका है और पिछले करीब दो साल से बच्चों के पास अपना स्कूल ही नहीं है. ऐसे में गांव के 37 मासूम बच्चों को पढ़ाई के लिए डेढ़ किलोमीटर दूर इकलानी गांव के एक सार्वजनिक मंगल भवन में बैठना पड़ रहा है.
हालात यह हैं कि वहां न तो कक्षा है, न बेंच-डेस्क और न ही पढ़ाई का कोई बुनियादी इंतजाम.ऊपर टीन शेड है और नीचे फर्श पर गिनती और हिंदी वर्णमाला लिखी हुई है और उसी जमीन पर बैठकर बच्चे पढ़ाई करने को मजबूर हैं.




