June 6, 2026 |

BREAKING NEWS

देशप्रदेशब्रेकिंग

CG Weather Today : बस्तर में प्री-मानसून बारिश, रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ में गर्मी बरकरार, 5 दिन तक बारिश-आंधी के आसार

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

CG Weather Today : रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने लगी हैं। बस्तर संभाग सहित प्रदेश के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई है, जबकि राजधानी रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिले अभी भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन, तेज हवाएं, वज्रपात और वर्षा की संभावना जताई है।

बिलासपुर रहा सबसे गर्म

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान बिलासपुर का अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर में बादल छाए रहने और बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में शनिवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। मौसम विभाग ने आसमान में बादल छाए रहने तथा गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। हालांकि गर्मी से पूरी राहत मिलने के आसार नहीं हैं। शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

इन इलाकों में हुई अच्छी बारिश

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। इनमें ओडगी में 5 सेंटीमीटर, कुआकोंडा में 4 सेंटीमीटर तथा बड़े बचेली में 3 सेंटीमीटर वर्षा हुई। वहीं सुकमा, बलरामपुर, तोंगपाल, कांसाबेल और मनोरा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा चिरमिरी, गादीरास और छिंदगढ़ सहित कई क्षेत्रों में भी वर्षा हुई।

मानसून की दस्तक के लिए बन रहे अनुकूल हालात

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार छत्तीसगढ़ में लगातार नमी का प्रवेश हो रहा है और बस्तर क्षेत्र में वर्षा की गतिविधियां जारी हैं। मानसून के आगमन के लिए आवश्यक परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले 2 से 3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। इसके साथ ही पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में भी मानसून के विस्तार की संभावना है।

अगले पांच दिन जारी रह सकती हैं बारिश और आंधी

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसका प्रभाव छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ रहा है। इसके चलते प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम वर्षा, तेज हवाएं, मेघगर्जन और वज्रपात की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और बिजली कड़कने के समय खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close