June 13, 2026 |

BREAKING NEWS

छत्तीसगढ़देश

CG Fuel Update: छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक, सरकार ने पैनिक खरीदारी से बचने की अपील की

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

CG Fuel Update : रायपुर। पश्चिम एशिया में उत्पन्न परिस्थितियों के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने स्पष्ट किया है कि राज्य में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। खाद्य विभाग के अनुसार 22 मई 2026 की स्थिति में प्रदेश के 2516 पेट्रोल-डीजल पंपों पर 4.35 करोड़ लीटर पेट्रोल और 8.15 करोड़ लीटर डीजल का स्टॉक मौजूद है।

प्रतिदिन हो रही ईंधन की आपूर्ति

राज्य सरकार के मुताबिक प्रदेश में लगातार ईंधन की सप्लाई जारी है। 21 मई को ही 32.52 लाख लीटर पेट्रोल और 57.60 लाख लीटर डीजल की आपूर्ति प्राप्त हुई है।

लखौली, मंदिर हसौद और गोपालपुर स्थित ऑयल कंपनी डिपो से जिलों को मांग के अनुसार पेट्रोल और डीजल की सप्लाई की जा रही है। रबी फसल कटाई और खरीफ सीजन की तैयारी के चलते डीजल की मांग बढ़ी है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।

ड्रम और जेरीकेन में बिक्री पर रोक

राज्य शासन ने 22 मई को जारी आदेश में सभी पेट्रोल-डीजल पंपों पर ड्रम, बोतल और जेरीकेन में ईंधन की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।

सरकार ने साफ किया है कि आदेश का उल्लंघन करने पर मोटर स्पिरिट और हाई स्पीड डीजल आदेश 2005 के तहत इसे “अप्राधिकृत विक्रय” माना जाएगा और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

किसानों और जरूरी सेवाओं को छूट

हालांकि सरकार ने किसानों और अत्यावश्यक सेवाओं को इस प्रतिबंध से राहत दी है। रबी-खरीफ सीजन में कृषि कार्यों के लिए किसानों को छूट मिलेगी। इसके अलावा कलेक्टर द्वारा चिन्हांकित शासकीय निर्माण कार्यों, अस्पतालों और मोबाइल टावर जैसी जरूरी सेवाओं के लिए भी अनुमति दी जाएगी।

इसके लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी द्वारा परीक्षण के बाद सुरक्षा मानकों के अनुरूप ईंधन बिक्री की मंजूरी दी जाएगी।

अफवाहों से बचने की अपील

खाद्य सचिव ने 20 मई को सभी ऑयल कंपनियों के साथ समीक्षा बैठक कर ड्राई आउट होने वाले पेट्रोल पंपों को तत्काल स्टॉक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे।

राज्य सरकार ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक खरीदारी या ईंधन का अनावश्यक संग्रहण न करें। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि प्रदेश में ईंधन की आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close