September 15, 2026 |

BREAKING NEWS

प्रदेशब्रेकिंग

CG Durg News: जिन्न-प्रेत का डर दिखाकर 85 लाख की ठगी, भिलाई की महिला से शातिर ने ऐंठी मोटी रकम

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

CG Durg News: दुर्ग। भिलाई नगर थाना क्षेत्र में तंत्र-मंत्र और दैवीय शक्तियों के नाम पर करोड़ों की ठगी जैसा सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक 62 वर्षीय महिला से घरेलू समस्याओं को दूर करने, ग्रह दोष समाप्त करने और तंत्र-मंत्र के जरिए सुख-समृद्धि दिलाने का झांसा देकर करीब 85 लाख रुपये की ठगी की गई। आरोपी ने महिला को जिन्न, प्रेत बाधा और अशुभ शक्तियों का भय दिखाकर वर्षों तक आर्थिक रूप से शोषण किया। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जबलपुर निवासी आरोपी पवन बधौलिया के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी समेत विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पारिवारिक कार्यक्रम में हुई पहचान, शुरू हुआ ठगी का जाल

पीड़िता संगीता कश्यप ने पुलिस को बताया कि नवंबर 2023 में रायपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात पवन बधौलिया से हुई थी। बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी पारिवारिक परेशानियों का जिक्र किया, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने खुद को तंत्र-मंत्र और विशेष पूजा-पाठ कराने वाले लोगों से जुड़ा बताया। इसके बाद उसने महिला को विश्वास में लेकर ग्रह दोष, प्रेत बाधा और नकारात्मक शक्तियों का डर दिखाना शुरू कर दिया।

जिन्न और प्रेत बाधा के नाम पर ऐंठे लाखों रुपये

महिला के अनुसार आरोपी लगातार फोन कर यह कहता था कि उनके परिवार पर दैवीय संकट मंडरा रहा है और विशेष पूजा-पाठ नहीं कराया गया तो बड़ा नुकसान हो सकता है। कभी जिन्न का डर, तो कभी प्रेत बाधा और ग्रह दोष का हवाला देकर वह पैसे मांगता रहा। महिला भी भय और मानसिक दबाव में आकर अलग-अलग किस्तों में रकम भेजती रही। आरोपी ने पूजा-पाठ, तांत्रिक अनुष्ठान और विशेष धार्मिक क्रियाओं के नाम पर लाखों रुपये वसूल लिए।

पति की मौत और निवेश के झांसे का भी उठाया फायदा

महिला ने आरोप लगाया कि बाद में उसके पति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस घटना के बाद आरोपी ने महिला की मानसिक स्थिति का फायदा उठाया और खुद को भविष्यवाणी करने वाला बताकर और अधिक भरोसा जीत लिया। इसके बाद उसने शेयर बाजार और ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का लालच दिया। आरोपी के कहने पर महिला और उसके बेटे ने बैंक खातों से बड़ी रकम ट्रांसफर की, लेकिन उन्हें कोई लाभ नहीं मिला।

व्हाट्सएप पर खून से सनी तस्वीर भेजकर फिर मांगे पैसे

ठगी का सिलसिला तब और चौंकाने वाला हो गया जब महिला ने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए। आरोप है कि आरोपी ने अपनी कटी हुई नस की तस्वीर व्हाट्सएप पर भेजी और खुद को संकट में बताते हुए सहानुभूति हासिल करने की कोशिश की। बाद में उसने यह कहकर भी महिला से पैसे लिए कि उसे मुंबई क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है और मामले से बाहर निकलने के लिए पैसों की जरूरत है। इस बहाने भी उसने करीब 7 लाख रुपये ऐंठ लिए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, बैंक रिकॉर्ड और चैट की जांच शुरू

दुर्ग एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी पवन बधौलिया के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता ने बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल चैट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेज पुलिस को सौंपे हैं। जांच में आर्थिक लेन-देन और आरोपी की गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close